महाराष्ट्र TET पेपर लीक: परीक्षा स्थगित, 4.28 लाख अभ्यर्थियों का भविष्य अटका

महाराष्ट्र | महाराष्ट्र में शिक्षक बनने का सपना देख रहे लाखों अभ्यर्थियों को बड़ा झटका लगा है। राज्य में 28 जून 2025 को आयोजित होने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) को परीक्षा से ठीक एक दिन पहले स्थगित कर दिया गया। यह फैसला ठाणे जिले के भिवंडी में छापेमारी के दौरान संदिग्ध प्रश्नपत्र मिलने के बाद महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद (MSCE), पुणे द्वारा लिया गया।

परिषद के अनुसार, 27 जून को पुलिस ने गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई की थी। इस दौरान बरामद कुछ प्रश्न TET 2025 के प्रश्नपत्र से मिलते-जुलते पाए गए, जिसके बाद भिवंडी पुलिस थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल यह भी जांच की जा रही है कि बरामद सामग्री असली पेपर है या मॉक टेस्ट से जुड़ी सामग्री।

इस फैसले से लगभग 4.28 लाख अभ्यर्थी प्रभावित हुए हैं। परीक्षा परिषद ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा अब पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी जांच के बाद ही दोबारा आयोजित की जाएगी और नई तारीख बाद में घोषित की जाएगी।

परीक्षा परिषद की उपायुक्त प्रिया शिंदे ने बताया कि अभ्यर्थियों को दोबारा रजिस्ट्रेशन या अतिरिक्त शुल्क देने की जरूरत नहीं होगी। पहले से किए गए आवेदन मान्य रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि पेपर लीक या गड़बड़ी में शामिल पाए जाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है और पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है। अधिकारियों ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करें।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *