रायपुर। महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले में गिरफ्तार EBIX कंपनी के मालिक विकास गर्ग को शुक्रवार को PMLA की विशेष अदालत में पेश किया गया। प्रवर्तन निदेशालय (ED) की 10 दिन की कस्टोडियल रिमांड पूरी होने के बाद कोर्ट ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
ED ने विकास गर्ग को कथित अवैध लेन-देन और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में 14 जुलाई को दिल्ली स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया था। इसके बाद अदालत ने उन्हें पूछताछ के लिए 10 दिनों की ED रिमांड पर भेजा था।
पूछताछ में कई अहम जानकारी मिलने का दावा
जांच एजेंसी के मुताबिक, पूछताछ के दौरान विकास गर्ग से महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप से जुड़े वित्तीय लेन-देन को लेकर कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। ED का दावा है कि विकास गर्ग के महादेव ऐप के संचालकों सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल से संबंधों के सबूत मिले हैं।
एजेंसी ने यह भी आरोप लगाया है कि कथित तौर पर अवैध रकम को सफेद धन में बदलने और कुछ बैंक खातों में धनराशि जमा कराने से जुड़े साक्ष्य जांच के दौरान सामने आए हैं।
EbixCash में हिस्सेदारी खरीद को लेकर जांच
ED की जांच के अनुसार, विकास गर्ग विकास इकोटेक लिमिटेड, विकास लाइफकेयर लिमिटेड और एराया लाइफस्पेसेस लिमिटेड से जुड़े हैं। जांच एजेंसी का आरोप है कि एराया लाइफस्पेसेस लिमिटेड के माध्यम से कथित अवैध धन का इस्तेमाल कर EbixCash में 64 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल की गई।
इसी मामले में ED ने कार्रवाई करते हुए विकास गर्ग को गिरफ्तार किया था। अब न्यायिक रिमांड के दौरान आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी रहेगी।
महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले में ED लगातार जांच कर रही है और एजेंसी के अनुसार आने वाले समय में इस प्रकरण से जुड़े अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की जा सकती है।