उज्जैन। प्रसिद्ध फिल्म निर्माता मधुर भंडारकर सोमवार तड़के विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे। उनके साथ अभिनेता जय भानुशाली और अभिनेत्री आरती सिंह भी मौजूद थीं। तीनों ने बाबा महाकाल की दिव्य भस्म आरती में शामिल होकर दर्शन किए और आशीर्वाद प्राप्त किया।
भस्म आरती में हुए शामिल
मधुर भंडारकर, जय भानुशाली और आरती सिंह सुबह करीब 3 बजे महाकाल मंदिर पहुंचे। उन्होंने नंदी हॉल में बैठकर बाबा महाकाल की भस्म आरती के दर्शन किए और पूरे समय भक्ति में लीन नजर आए। करीब दो घंटे तक आरती में शामिल रहने के बाद तीनों ने नंदी पूजन-अभिषेक किया और नंदी के कान में अपनी मनोकामना भी कही।
भस्म आरती के पश्चात उन्होंने चांदी द्वार से जल अर्पित कर भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया। इस दौरान महाकाल मंदिर प्रबंध समिति की ओर से उनका स्वागत भी किया गया।
महाकाल कॉरिडोर से बदली तस्वीर
दर्शन के बाद मधुर भंडारकर ने कहा कि वह पिछले 20 से 22 वर्षों से महाकाल मंदिर आते रहे हैं और लगभग हर वर्ष भस्म आरती में शामिल होते हैं। उन्होंने कहा कि इस बार लंबे समय बाद भस्म आरती में शामिल होकर उन्हें बेहद संतुष्टि मिली।
उन्होंने कहा, “महाकाल लोक (कॉरिडोर) बनने के बाद यहां काफी बदलाव दिखाई देता है। मंदिर परिसर पहले की तुलना में और अधिक भव्य एवं आकर्षक हो गया है।”
आरती सिंह के कहने पर पहुंचे जय भानुशाली
अभिनेता जय भानुशाली ने बताया कि आरती सिंह उनकी अच्छी मित्र हैं और उन्हीं के कहने पर वह महाकाल की भस्म आरती में शामिल होने पहुंचे। जय ने कहा कि आरती हमेशा कहती हैं कि जो व्यक्ति महाकाल की भस्म आरती के दर्शन करता है, उसके जीवन में सकारात्मक बदलाव आते हैं।
तीनों कलाकारों की मंदिर यात्रा की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बने हुए हैं।