आईपीएल 2026 |आईपीएल 2026 के 68वें मुकाबले में आज लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) और पंजाब किंग्स (PBKS) आमने-सामने होंगी। यह मैच दोनों टीमों के लिए अलग-अलग मायने रखता है—जहां पंजाब किंग्स के लिए प्लेऑफ की उम्मीदें दांव पर हैं, वहीं लखनऊ पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है और घरेलू मैदान पर सम्मान बचाने के इरादे से उतरेगी।
श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली पंजाब किंग्स ने सीजन की शानदार शुरुआत की थी, लेकिन बाद में लगातार हार ने टीम की स्थिति कमजोर कर दी है। टीम के पास अब 13 अंक हैं और वह अंक तालिका में पांचवें स्थान पर बनी हुई है। आज की हार उसके प्लेऑफ के सपने को खत्म कर सकती है, जबकि जीत के बावजूद उसे अन्य मैचों के नतीजों पर निर्भर रहना होगा।
दूसरी ओर, ऋषभ पंत की कप्तानी वाली लखनऊ सुपर जायंट्स इस सीजन में निराशाजनक प्रदर्शन के चलते प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी है। ऐसे में टीम इस मुकाबले में पंजाब के समीकरण बिगाड़कर सीजन का समापन सकारात्मक तरीके से करना चाहेगी।
यह मुकाबला शाम 7:30 बजे इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा, जबकि टॉस 7:00 बजे होगा। पिच मिक्स मिट्टी की है, जो बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों को मदद दे सकती है। आंकड़ों के अनुसार, यहां लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों को थोड़ी बढ़त मिली है।
दोनों टीमों के बीच अब तक 7 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें पंजाब ने 4 और लखनऊ ने 3 मैच जीते हैं। इस सीजन में दोनों टीमें दूसरी बार भिड़ रही हैं, जिसमें पिछली बार पंजाब ने जीत दर्ज की थी।
मैच का लाइव प्रसारण Star Sports नेटवर्क पर होगा, जबकि लाइव स्ट्रीमिंग JioHotstar ऐप पर उपलब्ध रहेगी।