मुंबई। स्टैंडअप कॉमेडियन और ‘बिग बॉस 19’ के पूर्व कंटेस्टेंट प्रणित मोरे मुश्किलों में घिर गए हैं। महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। मामला गुरुग्राम में हुए एक लाइव कॉमेडी शो के दौरान की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से जुड़ा है।
विवाद उस समय शुरू हुआ जब एक क्राउड-वर्क शो के दौरान एक दर्शक ने महिलाओं को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की। बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रणित मोरे को भारी आलोचना का सामना करना पड़ा।
सोशल मीडिया पर बढ़ा विवाद
वीडियो वायरल होने के बाद कई लोगों ने कॉमेडियन पर सवाल उठाए। कई सोशल मीडिया यूजर्स और कुछ सेलेब्स ने भी इस मामले पर नाराजगी जताई।
विवाद बढ़ने के बाद प्रणित मोरे ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी। उन्होंने कहा कि वायरल क्लिप में कही गई बातें उनके विचार नहीं हैं और उन्हें उस समय बेहतर तरीके से प्रतिक्रिया देनी चाहिए थी।
इंस्टाग्राम अकाउंट किया डिलीट
आलोचना बढ़ने के बाद कॉमेडियन ने अपना इंस्टाग्राम अकाउंट भी डिलीट कर दिया। उन्होंने कहा कि वीडियो हटा दिया गया है और भविष्य में ऐसे मामलों को ज्यादा जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ संभालेंगे।
वहीं, वायरल वीडियो में टिप्पणी करने वाले युवक हिमांशु जांगड़ा को उसकी कंपनी से नौकरी से निकाल दिया गया।
एक और विवादित वीडियो सामने आया
‘370 रुपए की बिरयानी’ वाले विवाद के बाद प्रणित मोरे के शो से जुड़ा एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में शवों के प्राइवेट पार्ट्स को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप लगाया गया है।
वीडियो में मेडिकल स्टूडेंट और इन्फ्लुएंसर सेजल पवार भी नजर आ रही हैं। उन्होंने बाद में विवाद पर माफी मांगते हुए कहा कि उनकी बातों से लोगों को ठेस पहुंची और वह अपनी गलती की जिम्मेदारी स्वीकार करती हैं।
पुलिस जांच जारी
महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस वायरल वीडियो, संबंधित लोगों के बयान और पूरे मामले की परिस्थितियों की जांच कर रही है।