कोरबा। जिले के करतला वनमंडल क्षेत्र अंतर्गत रामपुर गांव में आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। इमली के पेड़ पर बसेरा बनाए 6 साइबेरियन पक्षियों की मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, हर साल हजारों किलोमीटर का सफर तय कर साइबेरियन पक्षी इस गांव में प्रवास के लिए आते हैं। बरसात के मौसम में ये पक्षी यहां अंडे देते हैं और अपना परिवार बढ़ाते हैं, जिसके बाद मौसम बदलने पर वापस अपने मूल स्थान की ओर उड़ान भरते हैं।
गांव के लोगों का मानना है कि इन प्रवासी पक्षियों का आगमन शुभ संकेत होता है और इससे क्षेत्र में सुख-समृद्धि व बेहतर मौसम की संभावना बढ़ती है। लेकिन इस बार प्राकृतिक आपदा ने इस प्रवास को दर्दनाक बना दिया।
बारिश के दौरान तेज गरज-चमक के साथ गिरी आकाशीय बिजली सीधे उस इमली के पेड़ पर जा गिरी, जहां ये पक्षी बसेरा किए हुए थे। हादसे में छह पक्षियों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। वहीं ग्रामीणों ने तड़ित चालक (लाइटनिंग अरेस्टर) होने के बावजूद बिजली गिरने पर सवाल उठाते हुए उसकी जांच की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।