मुंगेली वनमंडल में तेंदुए का शव मिला, दो तेंदुओं के बीच खूनी संघर्ष की आशंका

लोरमी । मुंगेली वनमंडल के लोरमी वन परिक्षेत्र में एक तेंदुए का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया है। शुरुआती जांच में दो तेंदुओं के बीच क्षेत्रीय वर्चस्व को लेकर हुए संघर्ष में एक तेंदुए की मौत और दूसरे के घायल होने की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, कक्ष क्रमांक 1529 पीएफ के सामान्य वन क्षेत्र में कंचनपुर बेरियर के चौकीदार ने बुधवार शाम करीब 7 बजे तेंदुए का शव देखा। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को सुरक्षित करते हुए शव की निगरानी शुरू कर दी गई।

ग्रामीणों ने बताया कि घटना स्थल के आसपास देर शाम दो तेंदुओं की तेज आवाजें और लड़ाई जैसी स्थिति सुनाई दी थी, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि दोनों के बीच हिंसक संघर्ष हुआ होगा। हालांकि वन विभाग ने अभी तक मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

बताया जा रहा है कि संघर्ष में घायल दूसरा तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया, जिसकी तलाश जारी है। देर रात तक खोजबीन के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका।

तेंदुए के शव का पोस्टमार्टम कानन पेंडारी चिड़ियाघर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा किया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएंगे।

वन विभाग के उपवनमंडलाधिकारी दशांश सूर्यवंशी ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा दो तेंदुओं के बीच लड़ाई की आवाजें सुनने की बात सामने आई है, लेकिन अंतिम निष्कर्ष पीएम रिपोर्ट के बाद ही निकलेगा। विभाग ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी है और जांच जारी है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *