रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर जशपुर जिले के कुनकुरी क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र कुनकुरी में पुराने 3.15 एमवीए पावर ट्रांसफार्मर को हटाकर 5 एमवीए क्षमता के नए पावर ट्रांसफार्मर की स्थापना कर उसे सफलतापूर्वक चालू कर दिया गया है।
इसके साथ ही नगर क्षेत्र के लिए अतिरिक्त 11 केवी फीडर का निर्माण पूरा कर विद्युत प्रवाह भी शुरू कर दिया गया है।
बढ़ती बिजली मांग का होगा समाधान
विद्युत विभाग के अनुसार ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ने से कुनकुरी क्षेत्र में बढ़ती बिजली मांग को पूरा करने में मदद मिलेगी। नए फीडर के शुरू होने से बिजली भार का बेहतर वितरण होगा और ओवरलोडिंग की समस्या कम होगी।
इससे उपभोक्ताओं को अधिक सुचारु और निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिल सकेगी।
तकनीकी तैयारियों के बाद पूरा हुआ काम
नए ट्रांसफार्मर की स्थापना के लिए विभाग ने आवश्यक तकनीकी कार्य किए। इसके तहत दो डीपी को स्थानांतरित किया गया, अनुपयोगी नियंत्रण कक्ष को हटाया गया और पुराने ट्रांसफार्मर प्लिंथ का मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण किया गया।
सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद ट्रांसफार्मर प्रतिस्थापन का कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया गया।
क्षेत्र के विकास को मिलेगी गति
स्थानीय नागरिकों और विद्युत उपभोक्ताओं ने इस पहल का स्वागत किया है। माना जा रहा है कि विद्युत अधोसंरचना के इस विस्तार से कुनकुरी क्षेत्र में विकास और जनसुविधाओं को नई मजबूती मिलेगी।