रायपुर। सड़क हादसे में घायल छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के स्वास्थ्य में लगातार सुधार हो रहा है। दिल्ली के मेदांता अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि स्वास्थ्य में सुधार के बाद वह 12 या 13 सितंबर तक छत्तीसगढ़ लौट सकते हैं।
इलाज के बीच किरण सिंह देव संगठनात्मक गतिविधियों से भी जुड़े हुए हैं। उन्होंने दिल्ली से मोबाइल के माध्यम से बस्तर जिला भाजपा की कार्यसमिति की बैठक में हिस्सा लिया और करीब सात मिनट तक कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सेवा और समर्पण से संगठन मजबूत होता है। व्यक्तिगत परिस्थितियां कैसी भी हों, संगठन और समाजसेवा का संकल्प सर्वोपरि रहना चाहिए।
सड़क हादसे में हुए थे गंभीर रूप से घायल
बता दें कि 29 जुलाई को परिवार के साथ बागेश्वर धाम से लौटते समय उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले के तालबेहट क्षेत्र में उनकी इनोवा कार झांसी-ललितपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई थी। हादसे में किरण सिंह देव गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
इसके बाद उन्हें उपचार के लिए दिल्ली के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका ऑपरेशन किया गया। हादसे के बाद से उनका उपचार दिल्ली में ही चल रहा है। अब स्वास्थ्य में सुधार के चलते उनके जल्द छत्तीसगढ़ लौटने की संभावना जताई जा रही है।