खरगे-राहुल ने पंजाब कांग्रेस नेताओं के साथ की बैठक, 2027 के विधानसभा चुनाव की रणनीति पर मंथन

नई दिल्ली । कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शनिवार को पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों और पार्टी संगठन को मजबूत बनाने पर चर्चा की। बैठक नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय इंदिरा भवन में आयोजित की गई।

बैठक में कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, पंजाब कांग्रेस के प्रभारी सचिन पायलट, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह और पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

बैठक के दौरान पंजाब में पार्टी की राजनीतिक स्थिति, संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। नेताओं ने पार्टी कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने, संगठन में बेहतर समन्वय स्थापित करने और चुनावी तैयारियों को गति देने जैसे मुद्दों पर चर्चा की।

आंतरिक मतभेद दूर करने पर भी जोर

पंजाब में कांग्रेस के सामने संगठन को एकजुट रखने और नेताओं के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने की चुनौती है। ऐसे में खरगे और राहुल गांधी के साथ हुई इस बैठक को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

पार्टी नेतृत्व की कोशिश है कि राज्य में संगठन को मजबूत कर सभी वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय स्थापित किया जाए, ताकि चुनाव से पहले पार्टी की गतिविधियों को तेज किया जा सके।

चार नवंबर को संगरूर में होगी इंसाफ रैली

इस बीच कांग्रेस चार नवंबर को पंजाब के संगरूर में इंसाफ रैली आयोजित करने जा रही है। इस रैली को राहुल गांधी संबोधित करेंगे। पंजाब कांग्रेस ने दावा किया है कि रैली में एक लाख से अधिक लोग शामिल होंगे।

पार्टी इस रैली के माध्यम से पंजाब से जुड़े राजनीतिक और जनहित के मुद्दों को उठाने के साथ कार्यकर्ताओं को चुनाव से पहले सक्रिय करने की तैयारी कर रही है।

संगरूर की रैली को पंजाब में कांग्रेस के आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है। ऐसे में पार्टी नेतृत्व की यह बैठक और रैली की तैयारियां 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस की रणनीति का हिस्सा हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *