तिल्दा-नेवरा। नगर में करवा चौथ का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पुरानी बस्ती स्थित मां मावली मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में महिलाएं एकत्रित हुईं। सुहागिनों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-अर्चना कर अपने पति की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और परिवार की खुशहाली की कामना की।
करवा चौथ को लेकर महिलाओं में सुबह से ही उत्साह का माहौल रहा। महिलाएं लाल साड़ी, चुनरी और आकर्षक पारंपरिक परिधानों में सजकर मंदिर पहुंचीं। हाथों में मेहंदी, चूड़ियां और पारंपरिक आभूषणों से सजी महिलाओं ने सामूहिक रूप से पूजा की। इस दौरान पंडित द्वारा मंत्रोच्चार के साथ करवा माता की कथा सुनाई गई और विधि-विधान से पूजन संपन्न कराया गया।
पूजा के बाद महिलाओं ने एक-दूसरे को करवा चौथ की शुभकामनाएं दीं। पूरे आयोजन के दौरान भक्ति और उत्सव का माहौल देखने को मिला।
करवा चौथ हिंदू धर्म का प्रमुख पर्व है। इस दिन विवाहित महिलाएं अपने पति की दीर्घायु और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना करते हुए निर्जला व्रत रखती हैं। यह पर्व पति-पत्नी के बीच प्रेम, विश्वास और समर्पण का प्रतीक माना जाता है।
मां मावली मंदिर में उमड़ी महिलाओं की भीड़ और पारंपरिक पूजा-पद्धति ने भारतीय संस्कृति और परंपराओं की सुंदर झलक प्रस्तुत की।