रायगढ़ में ‘कबीर कुटीर’ का लोकार्पण, मंत्री ओपी चौधरी ने शिक्षा और युवा सशक्तिकरण पर दिया जोर

रायगढ़ । वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने रायगढ़ नगर निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 35 स्थित कबीर चौक के पास नवनिर्मित सामुदायिक भवन ‘कबीर कुटीर’ का लोकार्पण किया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में उन्होंने समाज के लोगों को संबोधित करते हुए शिक्षा, सामाजिक एकजुटता और युवा सशक्तिकरण के महत्व पर प्रकाश डाला।

वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि संत कबीरदास जी का जीवन और उनके विचार आज भी समाज को नई दिशा देने वाले हैं। उन्होंने कहा कि कबीर जी केवल संत ही नहीं, बल्कि महान समाज सुधारक और दूरदर्शी चिंतक थे, जिनकी शिक्षाएं वर्तमान समय में भी प्रासंगिक हैं।

उन्होंने पनिका-महंत समाज के साथ अपने पुराने आत्मीय संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज की उन्नति के लिए वे लगातार कार्य करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि समाज में आगे बढ़ रही प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और युवाओं को अवसर उपलब्ध कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

युवाओं से शिक्षा और लक्ष्य पर ध्यान देने का आह्वान

वित्त मंत्री ने युवाओं से बेहतर शिक्षा प्राप्त कर लक्ष्य निर्धारित करने और योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ने की अपील की। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के युवाओं को संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) सहित प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए दिल्ली में कोचिंग की सुविधा हेतु आर्थिक सहायता उपलब्ध करा रही है। उन्होंने युवाओं से इन योजनाओं का लाभ उठाने का आग्रह किया।

रायगढ़ में विकास कार्यों को मिली गति

श्री चौधरी ने कहा कि रायगढ़ में पिछले ढाई से तीन वर्षों में विकास कार्यों को तेजी मिली है। कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं स्वीकृत हो चुकी हैं और विभिन्न चरणों में संचालित हैं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंच सके।

कार्यक्रम के दौरान समाज की ओर से छात्रावास की मांग रखी गई। इस पर वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार सभी समाजों के हितों को ध्यान में रखते हुए योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है। उन्होंने अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों के लिए छात्रावास और शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार की जानकारी दी। साथ ही रायगढ़ में संचालित प्रयास आवासीय संस्थान और कौशल विकास योजनाओं के बारे में भी बताया।

कार्यक्रम में रायगढ़ नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान, नगर निगम सभापति डिग्रीलाल साहू, जिला पनिका-महंत समाज के अध्यक्ष गोपाल दास महंत सहित समाज के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *