तिल्दा में 4 जून को पत्रकार सम्मान समारोह, मीडिया की भूमिका पर विशेष चर्चा

तिल्दा-नेवरा। हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर ब्रह्माकुमारीज़ तिल्दा के मीडिया प्रभाग द्वारा गुरुवार, 4 जून 2026 को सायं 5 बजे से 7 बजे तक पत्रकार सम्मान समारोह एवं विशेष परिचर्चा का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का विषय “वैश्विक शांति की आवश्यकता : मीडिया की भूमिका” रखा गया है।

यह कार्यक्रम ब्रह्माकुमारीज़ सेवाकेंद्र, सुना अस्पताल के पास, खरोरा रोड, तिल्दा में आयोजित होगा। इसमें क्षेत्र के पत्रकारों, मीडिया प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं प्रबुद्ध नागरिकों को आमंत्रित किया गया है।

आयोजकों ने बताया कि वर्तमान समय में जब दुनिया विभिन्न चुनौतियों, तनाव और वैचारिक विभाजन से गुजर रही है, ऐसे में मीडिया की भूमिका केवल समाचार प्रसारण तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज को सकारात्मक दिशा देने में भी महत्वपूर्ण है। सकारात्मक और निष्पक्ष पत्रकारिता सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता और वैश्विक शांति को मजबूत कर सकती है।

कार्यक्रम में पत्रकारों के समाज निर्माण, जनजागरण और लोकतांत्रिक मूल्यों में योगदान का सम्मान भी किया जाएगा। साथ ही मीडिया प्रतिनिधियों के बीच रचनात्मक संवाद के माध्यम से यह चर्चा होगी कि पत्रकारिता किस प्रकार शांति, सद्भाव और सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम बन सकती है।

इस आयोजन में ब्रह्माकुमारीज़ तिल्दा के मीडिया प्रभाग की भूमिका के साथ नगर पालिका पार्षद श्रीमती रानी सौरभ जैन का विशेष सहयोग रहेगा। आयोजकों ने सभी पत्रकारों और नागरिकों से कार्यक्रम में शामिल होकर इस परिचर्चा का लाभ लेने की अपील की है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *