तिल्दा-नेवरा में संयुक्त शाला प्रवेश उत्सव, नवप्रवेशी छात्रों का तिलक लगाकर किया गया स्वागत, प्रतिभाओं का हुआ सम्मान

तिल्दा-नेवरा। शिक्षा सत्र 2026 की शुरुआत के अवसर पर मंगलवार को तिल्दा-नेवरा क्षेत्र में शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन बड़े उत्साह के साथ किया गया। इस अवसर पर ररुहा राम वर्मा शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला नेवरा क्रमांक-1, शासकीय प्राथमिक शाला तिल्दा बस्ती एवं शहीद हेमू कलानी तिल्दा कैंप ने संयुक्त रूप से शाला प्रवेश उत्सव मनाया।

कार्यक्रम में कक्षा पहली एवं कक्षा छठवीं के नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर, मिठाई खिलाकर तथा पुस्तकें भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। पूरे आयोजन में शैक्षणिक माहौल के साथ-साथ उत्सव जैसा वातावरण देखने को मिला।

जनप्रतिनिधियों और शिक्षकों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि तिल्दा भाजपा मंडल उपाध्यक्ष सौरभ जैन रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में पार्षद रानी सौरभ जैन, पार्षद किरण बाला छाबड़िया, जनसेवक सुधा केशरवानी सहित शाला विकास समिति के पदाधिकारी एवं वरिष्ठ शिक्षक उपस्थित रहे।

बीएनबी संकुल के प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार चंदानी, हायर सेकेंडरी स्कूल केसदा के प्राचार्य विनोद वर्मा तथा सेवानिवृत्त शिक्षक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

विद्यार्थियों और शिक्षकों का हुआ सम्मान

शाला विकास समिति की ओर से विद्यार्थियों को पुस्तकें और मिठाई वितरित कर प्रोत्साहित किया गया। वहीं, शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले समिति सदस्यों एवं शिक्षाविदों को मोमेंटो और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।

इसके अलावा प्रतिभाशाली छात्राओं को भी विशेष सम्मान प्रदान किया गया। कक्षा आठवीं की छात्रा रिया गिरी को छात्रवृत्ति परीक्षा उत्तीर्ण करने पर तथा माया निषाद को सर्वोच्च अंक प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बढ़ाया आकर्षण

छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने आयोजन को और अधिक आकर्षक बना दिया। अतिथियों ने विद्यार्थियों को प्रेरणादायी उद्बोधन दिया और शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम का संचालन संकुल समन्वयक लेखराज सोनी ने किया। आयोजन को सफल बनाने में तीनों शालाओं के शिक्षक-शिक्षिकाओं, शाला विकास समिति और अभिभावकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *