रायपुर। विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के अवसर पर जिंदल स्टील लिमिटेड, मशीनरी डिवीजन, रायपुर द्वारा पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए परिसर में पौधारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने और सतत विकास को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया। अभियान का उद्देश्य कर्मचारियों और समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा हरित जीवनशैली को अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मशीनरी डिवीजन के प्रमुख निलेश शाह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारा कर्तव्य है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से दैनिक जीवन में पर्यावरण-अनुकूल व्यवहार अपनाने और प्रकृति संरक्षण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
वहीं, मानव संसाधन प्रमुख सूर्योदय दुबे ने कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि जिंदल स्टील सतत विकास और सामुदायिक कल्याण के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि ऐसे अभियान न केवल पर्यावरण संरक्षण में सहायक होते हैं, बल्कि प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता की भावना को भी मजबूत करते हैं।
वृक्षारोपण अभियान में विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम का समापन स्वच्छ, स्वस्थ और हरित पर्यावरण के निर्माण के लिए निरंतर प्रयास करने तथा पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।