सक्ती। जिले की नवपदस्थ कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन ने आज जिला कार्यालय कलेक्ट्रेट जेठा, सक्ती पहुंचकर विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया। वह सक्ती जिले की तीसरी कलेक्टर के रूप में अपनी सेवाएं देंगी। इससे पहले श्रीमती जैन संयुक्त सचिव, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के पद पर पदस्थ थीं।
पदभार ग्रहण करने के बाद कलेक्टर श्रीमती जैन ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में पदस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों से सौजन्य भेंट कर उनका परिचय प्राप्त किया। उन्होंने सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को शासन की मंशानुरूप आमजन के हित में त्वरित, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री बालेश्वर राम, अपर कलेक्टर श्री के.एस. पैकरा सहित कलेक्टर कार्यालय एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों ने नवपदस्थ कलेक्टर का आत्मीय स्वागत किया।
कलेक्ट्रेट की विभिन्न शाखाओं का किया निरीक्षण
पदभार ग्रहण के पहले ही दिन कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में संचालित विभिन्न विभागीय कार्यालयों एवं शाखाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को समय पर कार्यालय में उपस्थित रहने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने शाखा प्रभारियों एवं संबंधित अधिकारियों को प्रशासनिक कार्यों में दक्षता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन द्वारा निर्धारित विभागीय लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति और निर्धारित समय-सीमा में कार्यों का निष्पादन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में रहेगा।
कलेक्टर श्रीमती जैन ने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण कर उन्हें शीघ्र राहत पहुंचाना जिला प्रशासन की प्रमुख जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ पूरी जिम्मेदारी एवं प्रतिबद्धता से कार्य करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि प्रशासन का मूल उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और विभागीय सेवाओं का अधिकतम लाभ आम नागरिकों तक पहुंचाना है। इसके लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय और प्रभावी कार्यप्रणाली जरूरी है।