4 और 5 फ़रवरी को होगी बारिश, जानिए मौसम विभाग का ताजा अपडेट

लखनऊ: पूर्वी उत्तर प्रदेश में सर्दी का सितम जारी है। हाड़ कंपाती ठंड रही। दिन में थोड़े समय के लिए ही सूरज बादलों की ओट से बाहर निकल रहे हैं। इसकी वजह से दिन के तापमान में मामूली वृद्धि हो रही है। हालांकि सूरज ढलने के साथ ही एक बार फिर तापमान तेजी से गिर रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, चार और पांच फरवरी को बारिश का अनुमान है।

हवा में नमी बरकरार है। मंगलवार को दिन में अधिकतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से लगभग पांच डिग्री सेल्सियस कम है। इसके साथ ही न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में अधिकतम नमी 97 फीसदी व न्यूनतम नमी 71 फीसदी रही। मंगलवार को दिन में लगभग 14 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से शीतलहर चली। पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवा की वजह से गर्म कपड़े नाकाफी साबित हो रहे थे। बुधवार को भी कुछ ऐसा ही मौसम बना रहा।

सुबह घने कोहरे के साथ शुरू हुई। सुबह 8 बजे तक दृश्यता शून्य रही। लोग चंद फीट दूर तक नहीं देख पा रहे थे। सड़कों पर गाड़ियां रेंगती नज़र आईं। दिन में ड्राइवर गाड़ियों का संचालन हेडलाइट के सहारे कर रहे थे। हालांकि सुबह 10 बजे के बाद मौसम धीरे-धीरे साफ़ होना शुरू हुआ। कोहरा छंटा मगर नमी कायम रही। अब विभाग ने कहा है कि गुरुवार से मौसम में बदलाव आ सकता है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते चार और पांच फरवरी को हल्की बारिश की संभावना है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *