रायगढ़ में शिशु संरक्षण माह का शुभारंभ, 1.19 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी आयरन सिरप और 1.12 लाख को विटामिन-ए

रायगढ़  |  शिशुओं एवं छोटे बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, पोषण और रोगों से बचाव के उद्देश्य से रायगढ़ जिले में शिशु संरक्षण माह का आयोजन किया जा रहा है। अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ 18 अगस्त को शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र मोदीनगर परिसर में किया जाएगा।

कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार अभियान के दौरान जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में विभिन्न टीकाकरण सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों के माध्यम से पात्र बच्चों और गर्भवती माताओं को आवश्यक स्वास्थ्य एवं टीकाकरण सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

1.19 लाख बच्चों को मिलेगी आयरन की खुराक

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के अनुसार अभियान के दौरान 6 माह से 5 वर्ष तक के 1,19,465 बच्चों को आयरन सिरप पिलाई जाएगी। वहीं 9 माह से 5 वर्ष तक के 1,12,828 बच्चों को विटामिन-ए सिरप दी जाएगी। निर्धारित टीकाकरण सत्रों में पात्र बच्चों एवं गर्भवती माताओं का टीकाकरण भी किया जाएगा।

विटामिन-ए से मजबूत होगी बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता

जिला टीकाकरण अधिकारी ने बताया कि बच्चों को प्रत्येक छह माह में नियमित रूप से विटामिन-ए की खुराक देने से इसकी कमी से होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं से बचाव में मदद मिलती है। साथ ही यह बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत करने और उनके स्वस्थ विकास में भी सहायक है।

अभिभावकों से अभियान में सहभागिता की अपील

जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि अभियान के दौरान आयोजित स्वास्थ्य एवं टीकाकरण सत्रों में पात्र बच्चों और गर्भवती माताओं को निर्धारित सेवाओं का लाभ अवश्य दिलाएं। अभिभावकों से बच्चों के स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य के लिए शिशु संरक्षण माह में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *