इंदौर: 4 वैक्सीन लगवाने के बाद भी संक्रमित हुई महिला

इंदौर: इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बुधवार को त्वरित जांच में कोरोना वायरस से संक्रमित पाई गई 44 साल की एक महिला को एअर इंडिया की इंदौर-दुबई उड़ान में सवार होने से रोक दिया गया। वहीं उसके बाद दुबई निवासी इस महिला को एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। सबसे हैरान कर देने वाली बात यह है कि यह महिला दो अलग-अलग कोविड-19 रोधी टीकों की कुल चार खुराक पहले ही ले चुकी है। जी हाँ, हाल ही में स्वास्थ्य विभाग की चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रियंका कौरव ने इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा, ‘इंदौर-दुबई की साप्ताहिक उड़ान के हर यात्री की स्थानीय हवाई अड्डे पर रैपिड आरटी-पीसीआर जांच की जाती है। इस तय प्रक्रिया के मुताबिक आज (बुधवार) को 89 यात्रियों की जांच की गई और इनमें शामिल 44 वर्षीय एक महिला कोरोना वायरस से संक्रमित मिली।’
आगे उन्होंने बताया कि संक्रमित महिला दुबई की रहने वाली है और नजदीकी कस्बे महू में अपने देवर की शादी में शामिल होने 12 दिन पहले भारत आई थी। इसी के साथ उन्होंने बताया कि, ‘इस महिला ने जनवरी से अगस्त के बीच सिनोफार्म और फाइजर के कोविड-रोधी टीकों की दो-दो खुराक सिलसिलेवार तौर पर ली थीं।’ आगे उन्होंने जानकारी दी कि स्थानीय हवाई अड्डे पर त्वरित आरटी-पीसीआर जांच में संक्रमित मिली महिला को फिलहाल महामारी के लक्षण नहीं हैं, लेकिन उसने हवाई अड्डे पर स्वास्थ्य विभाग के दल को बताया कि उसे चार दिन पहले सर्दी-खांसी की समस्या थी। वहीं उन्होंने यह भी कहा कि संक्रमित महिला को इंदौर के शासकीय मनोरमा राजे टीबी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
आपको बता दें कि इससे पहले, 26 वर्षीय एक पुरुष को 15 सितंबर को, 68 वर्षीय महिला को 13 अक्टूबर को और 72 वर्षीय एक महिला को 27 अक्टूबर को एअर इंडिया की हर बुधवार चलने वाली इंदौर-दुबई उड़ान में सवार होने से रोक दिया गया था ऐसा इसलिए क्योंकि ये यात्री स्थानीय हवाई अड्डे पर त्वरित जांच में कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए थे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *