रायपुर । छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के गौरवपूर्ण अवसर पर नवा रायपुर स्थित सेंध लेक में भारतीय वायु सेना ने भव्य एयर-शो का आयोजन किया। इस दौरान आसमान में भारतीय वायु सेना के अद्भुत शौर्य, साहस, अनुशासन और उड़ान कौशल का शानदार नजारा देखने को मिला। राज्यपाल रमेन डेका ने कार्यक्रम में शामिल होकर वायु सेना के जांबाजों के रोमांचकारी प्रदर्शन का आनंद लिया।
भारतीय वायु सेना की विश्वप्रसिद्ध सारंग एयरोबेटिक डिस्प्ले टीम के पांच हेलीकॉप्टरों ने आकर्षक फॉर्मेशन और हैरतअंगेज हवाई करतबों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम और गरुड़ कमांडोज ने भी अपने साहसिक प्रदर्शन से लोगों में रोमांच भर दिया। तिरंगे की मनमोहक फॉर्मेशन और ‘वंदे मातरम्’ की गूंज ने पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
राज्यपाल रमेन डेका ने की वायु सेना के प्रदर्शन की सराहना
राज्यपाल रमेन डेका ने भारतीय वायु सेना के जवानों के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस पर प्रतिष्ठित सारंग टीम का प्रदर्शन प्रदेशवासियों के लिए गौरव और प्रसन्नता का विषय है।
उन्होंने कहा कि वायु वीरों ने जिस साहस, अनुशासन, आत्मविश्वास और सटीक समन्वय के साथ अपने कौशल का प्रदर्शन किया, वह विशेषकर युवाओं के लिए प्रेरणादायी है। यह आयोजन केवल हवाई करतबों का प्रदर्शन नहीं, बल्कि भारतीय वायु सेना की उत्कृष्ट क्षमता, कठिन प्रशिक्षण, समर्पण और राष्ट्रसेवा की भावना का जीवंत परिचय है।
राज्यपाल ने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की बधाई देते हुए छत्तीसगढ़ के निरंतर विकास, प्रगति और समृद्धि की कामना की।
अनुशासन और टीम भावना का प्रतीक है सारंग टीम
राज्यपाल ने कहा कि सारंग का अर्थ मोर होता है। जिस प्रकार मोर भारत की विशिष्ट पहचान और सुंदरता का प्रतीक है, उसी प्रकार सारंग टीम भारतीय वायु सेना की गरिमा, अनुशासन और उत्कृष्ट कौशल का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि हेलीकॉप्टरों की आकर्षक फॉर्मेशन और साहसिक करतबों के पीछे लंबा अभ्यास, गहरी एकाग्रता, विस्तृत योजना और असाधारण तालमेल होता है। सारंग टीम का प्रदर्शन यह संदेश देता है कि अनुशासन, समर्पण, सामूहिक प्रयास और आपसी विश्वास से कठिन से कठिन लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।
आकाशगंगा टीम के स्काईडाइवर्स ने दिखाई हिम्मत
एयर-शो की शुरुआत भारतीय वायु सेना की प्रसिद्ध आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम ने की। टीम के जवानों ने खुले आसमान से छलांग लगाकर पैराशूट के माध्यम से शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने निर्धारित स्थान पर सटीक लैंडिंग कर अपनी शारीरिक दक्षता, मानसिक एकाग्रता और उच्चस्तरीय प्रशिक्षण का परिचय दिया।
उनकी सफल लैंडिंग के बाद पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
गरुड़ कमांडोज ने दिखाया रेस्क्यू और कॉम्बैट ऑपरेशन का कौशल
आकाशगंगा टीम के बाद भारतीय वायु सेना के गरुड़ कमांडोज ने अपने विशेष प्रशिक्षण और परिचालन क्षमता का प्रदर्शन किया। जवानों ने आठ हजार फीट की ऊंचाई से पैराशूट लैंडिंग की। इसके बाद एमआई-17 हेलीकॉप्टर से स्लिदरिंग का प्रदर्शन किया गया, जिसमें जवानों ने रस्सियों के सहारे नीचे उतरकर अपनी दक्षता दिखाई।
कमांडोज ने सेंध लेक के सामने रेस्क्यू और कॉम्बैट ऑपरेशन का भी प्रभावशाली प्रदर्शन किया। उनकी तत्परता, अनुशासन और साहस को देखकर दर्शकों ने तालियों से उत्साहवर्धन किया।
सारंग के पांच हेलीकॉप्टरों के क्रॉसओवर करतब ने बांधा समां
एयर-शो का सबसे बड़ा आकर्षण सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम की प्रस्तुति रही। ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार के नेतृत्व में पांच हेलीकॉप्टरों ने एक के बाद एक शानदार फॉर्मेशन और रोमांचकारी करतब दिखाए।
हेलीकॉप्टर कभी एक-दूसरे के बेहद करीब आते तो कभी अलग-अलग दिशाओं में उड़ान भरने के बाद दोबारा एक निर्धारित फॉर्मेशन में नजर आते। विशेष रूप से हेलीकॉप्टरों का एक-दूसरे के सामने से बेहद नजदीक गुजरने वाला ‘क्रॉसओवर’ करतब दर्शकों के लिए रोमांच का सबसे बड़ा केंद्र रहा।
आसमान से गूंजा ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’
राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सारंग टीम ने छत्तीसगढ़ के प्रति विशेष सम्मान भी प्रदर्शित किया। हवाई प्रदर्शन के दौरान ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार ने कॉकपिट से ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’ का उद्घोष किया। आसमान से गूंजे इस लोकप्रिय नारे ने दर्शकों का उत्साह दोगुना कर दिया और पूरा परिसर तालियों से गूंज उठा।
तिरंगे की फॉर्मेशन के साथ हुआ भव्य समापन
एयर-शो के अंतिम चरण में सारंग टीम ने ‘वंदे मातरम्’ की धुन के बीच तिरंगे की आकर्षक फॉर्मेशन प्रस्तुत की। आसमान में तिरंगे के रंगों की छटा, पांच हेलीकॉप्टरों का शानदार तालमेल और देशभक्ति गीत की गूंज ने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया।
दुनियाभर में अपनी पहचान बना चुकी है सारंग टीम
उल्लेखनीय है कि भारतीय वायु सेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम दुनिया की एकमात्र पांच हेलीकॉप्टरों वाली एयरोबेटिक प्रदर्शन टीम है। यह टीम जर्मनी, यूनाइटेड किंगडम, मॉरीशस, रूस और मिस्र सहित कई देशों में अपने 1500 से अधिक हवाई प्रदर्शनों के माध्यम से भारत की प्रतिष्ठा बढ़ा चुकी है।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, सांसद, विधायक, निगम-मंडल के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे। नवा रायपुर में आयोजित इस भव्य एयर-शो ने छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के उत्सव को यादगार बना दिया।