स्वतंत्रता दिवस 2026: रायपुर में CM विष्णु देव साय फहराएंगे तिरंगा, जिलों में मंत्रियों-सांसदों को मिली जिम्मेदारी

रायपुर|  स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त 2026 के अवसर पर छत्तीसगढ़ में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय और जिला स्तरीय समारोहों के लिए मुख्य अतिथियों की सूची जारी कर दी गई है। राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराएंगे और परेड की सलामी लेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री प्रदेशवासियों को संबोधित करते हुए राज्य की उपलब्धियों, विकास कार्यों और आगामी योजनाओं की जानकारी साझा करेंगे।

सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) द्वारा जारी सूची के अनुसार, राजनांदगांव जिला मुख्यालय में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह स्वतंत्रता दिवस समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। वे ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे और मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन करेंगे।

वहीं बिलासपुर जिला मुख्यालय में केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, दुर्ग में उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव और बस्तर जिला मुख्यालय में उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। सभी मुख्य अतिथि समारोह में परेड की सलामी लेने के साथ मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन करेंगे।

मंत्रियों को मिली जिला मुख्यालयों की जिम्मेदारी

सरगुजा में आदिम जाति विकास मंत्री श्री रामविचार नेताम, महासमुंद में खाद्य मंत्री श्री दयालदास बघेल, दंतेवाड़ा में वन मंत्री श्री केदार कश्यप, कबीरधाम में उद्योग मंत्री श्री लखन लाल देवांगन और मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ध्वजारोहण करेंगे।

इसके अलावा रायगढ़ में वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी, कांकेर में राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा, सूरजपुर में महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, जांजगीर-चांपा में कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, जशपुर में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल और बालोद में स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव मुख्य अतिथि होंगे।

सांसद और विधायकों को भी सौंपी गई जिम्मेदारी

बलौदाबाजार-भाटापारा में सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल, बेमेतरा में सांसद श्री विजय बघेल, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में सांसद श्री संतोष पांडेय, कोंडागांव में सांसद श्री भोजराज नाग, बलरामपुर में सांसद श्री चिंतामणि महाराज और सारंगढ़-बिलाईगढ़ में सांसद श्री राधेश्याम राठिया ध्वजारोहण करेंगे।

गरियाबंद में सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी, सक्ती में सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, बीजापुर में सांसद श्री महेश कश्यप, सुकमा में राज्यसभा सांसद श्री देवेंद्र प्रताप सिंह और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा समारोह की जिम्मेदारी संभालेंगे।

विधायकों को भी कई जिलों में मुख्य अतिथि बनाया गया है। कोरबा में विधायक श्री अमर अग्रवाल, धमतरी में विधायक श्री अजय चंद्राकर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में विधायक श्री धरमजीत सिंह, मुंगेली में विधायक श्री पुन्नूलाल मोहले, कोरिया में विधायक श्री भैया लाल राजवाड़े और नारायणपुर में विधायक सुश्री लता उसेंडी ध्वजारोहण कर मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन करेंगे।

स्वतंत्रता दिवस समारोहों को गरिमामय, व्यवस्थित और उत्साहपूर्ण तरीके से आयोजित करने के लिए प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रदेशभर में राष्ट्रध्वज फहराने के साथ देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव का संदेश दिया जाएगा।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *