रायपुर । प्रदेश में लगातार हो रही भारी वर्षा और मौसम विभाग द्वारा कई जिलों के लिए जारी रेड एवं येलो अलर्ट को देखते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने सभी जिला कलेक्टरों, पुलिस अधीक्षकों और संबंधित विभागों के अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नागरिकों की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और आपदा प्रबंधन एवं राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को संभावित बाढ़ और जलभराव वाले क्षेत्रों की लगातार निगरानी रखने, संवेदनशील स्थानों की पहचान कर समय रहते लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने तथा जनहानि रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि राहत एवं बचाव कार्य पूरी तत्परता के साथ संचालित किए जाएं।
मुख्यमंत्री ने सभी जिलों में राहत शिविरों में भोजन, स्वच्छ पेयजल, दवाइयां, प्राथमिक उपचार, बिजली और स्वच्छता जैसी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही महिलाओं, बच्चों, वृद्धजनों और दिव्यांगजनों जैसे संवेदनशील वर्गों की विशेष देखभाल पर भी जोर दिया।
उन्होंने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस, होमगार्ड, नगर सेना, स्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण विभाग, विद्युत वितरण कंपनी और अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा नावों, राहत सामग्री और अन्य जरूरी संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने अधिकारियों से जिला एवं राज्य स्तर पर 24 घंटे निगरानी रखने, मौसम की स्थिति, जलाशयों के जलस्तर और नदी-नालों की स्थिति की नियमित समीक्षा करने को कहा। साथ ही उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे मौसम विभाग और जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, जलभराव और नदी-नालों के आसपास अनावश्यक रूप से जाने से बचें तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल प्रशासन को दें।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि प्रशासन की सतर्कता, समयबद्ध कार्रवाई और जनता के सहयोग से किसी भी संभावित आपदा का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सकेगा।