तोते और महिला की दोस्ती चर्चा में, रोजाना बाजार घूमते है दोनों

जगदलपुर। जगदलपुर से एक तोते और इंसान की दोस्‍ती की कहानी सामने आई है। जहां महिला कंधे पर दो तोते बिठाकर रोज आड़ावाल से पांच किलोमीटर दूर संजय मार्केट जगदलपुर आती-जाती है। 50 वर्षीय मेरी (महिला का नाम) के कंधे पर तोते बैठे हुए देखकर यदि कोई कौतूहलवश रुककर उनके पक्षी प्रेमी होने के बारे में पूछने लगे तो उसका एक ही जवाब होता है। ये मेरे सोनू-मोनू हैं। प्यार से मुन्ना भी कहती हूं। दोनों ढ़ाई साल के हो गए हैं और मेरे बच्चे के समान हैं।
मेरी बतातीं हैं कि यदि वह कभी घर पर छोड़कर अकेले कहीं निकल जाए तो दोनोें तोते तेज आवाज में चिल्लाने लगते हैं, मानों नाराजगी जता रहे हों। कभी-कभी ये दुख प्रकट करने धीमे स्वर में कुछ इस तरह आवाज निकालते हैं, जैसे रो रहे हों। घर पर भी खुले रहते हैं और पुकारते ही तुरंत मेरी के पास आ जाते हैं। मेरी ग्राम आड़ावाल में सरपंच पारा में रहती है। वह संजय मार्केट में फल की छोटी सी दुकान लगाती है। आड़ावाल से रोज सुबह आठ से नौ बजे के बीच कंधे के दोनों और तोते बिठाकर (सोनू-मोनू) पैदल घर से 200 मीटर दूर मेन रोड पर आकर आटो पकड़कर शहर संजय मार्केट आती हैं। दिन भर दोनों तोते उसकी फल की दुकान में रहते हैं। फल खाते हैं और देर शाम दिन ढ़लने तक मेरी के साथ वापस घर लौट आते हैं। बिना किसी बंधन के कंधे पर बैठे ये तोते मेरी से दूर नहीं होते।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *