अमेठी में पीएम मोदी का पोस्टर हटाकर लगाया माँ दुर्गा का बैनर, भाजपा नेता आपस में भिड़े

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के निर्वाचन क्षेत्र अमेठी में पीएम नरेंद्र मोदी की होर्डिंग को हटा दिया गया है। इस स्थान पर दुर्गा पूजा समिति की होर्डिंग लगाई गई है। पीएम मोदी की होर्डिंग हटाने के बाद भाजपा के भीतर ही दो गुटों में विवाद हो गया है। इस मामले में अमेठी के भाजपा महामंत्री सहित पांच लोगों पर केस दर्ज हुआ है।

वहीं, दूसरी ओर युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष और महामंत्री समेत 16 लोगों पर भी केस दर्ज करा दिया गया है। विवाद बढ़ने के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष की ओर से भाजपा युवा मोर्चा के दोनों पदाधिकारियों की सदस्यता ख़त्म करने के लिए प्रदेश अध्यक्ष को पत्र लिखा गया है। भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष ने भी पत्र जारी करते हुए मंडल की पूरी इकाई को भंग कर दिया है। बता दें कि, 25 सितंबर की रात नगर पंचायत के ठेका कर्मी अंबेडकर चौराहे पर अंबे ग्रुप की होर्डिंग लगा रहे थे। यह होर्डिंग दुर्गा पूजा के उपलक्ष्य में लगाई जा रही थी।

होर्डिंग पर जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि, नगर पंचायत अध्यक्ष चंद्रमा देवी समेत कई लोगों की तस्वीर लगी थी। बताया जा रहा है कि यह होर्डिंग लगाने के लिए उन्होंने पीएम मोदी और सांसद स्मृति ईरानी और अन्य नेताओं की पहले से लगी होर्डिंग उतार दी। जिसके बाद विवाद हो गया।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *