जंतर-मंतर प्रदर्शन का असर, दिल्ली मेट्रो के 18 स्टेशन अगले आदेश तक बंद

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में जारी CJP प्रदर्शन और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए दिल्ली मेट्रो के यात्रियों को शनिवार को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। सुरक्षा कारणों से दिल्ली मेट्रो के 18 स्टेशनों को लगातार चौथे दिन भी बंद रखने का फैसला किया गया है।

दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) के अनुसार, इन स्टेशनों पर सुबह 7:30 बजे से अगले आदेश तक प्रवेश और निकास पूरी तरह बंद रहेगा। बंद स्टेशनों पर मेट्रो ट्रेनें भी नहीं रुकेंगी और सीधे अगले स्टेशन के लिए रवाना होंगी।

आज बंद रहेंगे ये 18 मेट्रो स्टेशन

सुरक्षा कारणों से जिन स्टेशनों को बंद रखा गया है, उनमें शामिल हैं:

  • लोक कल्याण मार्ग
  • राजीव चौक
  • पटेल चौक
  • रामकृष्ण आश्रम मार्ग
  • बाराखंभा रोड
  • सुप्रीम कोर्ट
  • सेवा तीर्थ
  • जनपथ
  • मंडी हाउस
  • केंद्रीय सचिवालय
  • आईटीओ
  • दिल्ली गेट
  • इंद्रप्रस्थ
  • खान मार्केट
  • जोर बाग
  • शिवाजी स्टेडियम
  • झंडेवालान
  • नई दिल्ली

अन्य रूटों पर सामान्य रहेगी मेट्रो सेवा

DMRC ने बताया कि बंद किए गए स्टेशनों को छोड़कर दिल्ली मेट्रो की बाकी सभी लाइनों पर सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले मेट्रो से जुड़े ताजा अपडेट जरूर देख लें।

प्रदर्शन स्थल के आसपास बढ़ाई गई सुरक्षा

जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन को देखते हुए नई दिल्ली और लुटियंस दिल्ली के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। प्रदर्शन स्थल के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। कई जगहों पर बैरिकेडिंग कर आवाजाही पर नजर रखी जा रही है।

ट्रैफिक भी प्रभावित होने की संभावना

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन के कारण जंतर-मंतर, कनॉट प्लेस, संसद मार्ग, जनपथ, अशोक रोड और आसपास के इलाकों में यातायात प्रभावित हो सकता है। वाहन चालकों को भीड़भाड़ वाले रास्तों से बचने और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।

हालात सामान्य होने पर खोले जाएंगे स्टेशन

प्रशासन सुरक्षा स्थिति की लगातार समीक्षा कर रहा है। अधिकारियों के अनुसार, हालात सामान्य होने के बाद बंद किए गए मेट्रो स्टेशनों को चरणबद्ध तरीके से फिर से खोला जाएगा। फिलहाल स्टेशनों को खोलने का कोई निश्चित समय घोषित नहीं किया गया है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *