रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा तालाब गार्डन में रविवार सुबह फिटनेस और खेल का शानदार नजारा देखने को मिला। Sports Enthusiasts Association द्वारा आयोजित स्किपिंग सीजन-2 में सैकड़ों प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और एक साथ स्किपिंग कर फिटनेस के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई।
सुबह 6 बजे शुरू हुए इस आयोजन में बच्चों, युवाओं और अन्य आयु वर्ग के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम में नेशनल टीम के खिलाड़ियों की विशेष मौजूदगी रही, वहीं लाइव म्यूजिक ने पूरे आयोजन में ऊर्जा और उत्साह का माहौल बना दिया।
फिटनेस को दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संदेश
आयोजन की मुख्य उन्नयक Choice International के सहयोग से कार्यक्रम को भव्य रूप दिया गया। संस्था के अध्यक्ष समीर सिंह, सचिव निलेश कटारिया और प्रवक्ता लिपि जैन ने बताया कि मौजूदा व्यस्त जीवनशैली में स्किपिंग एक आसान, प्रभावी और उपयोगी व्यायाम है, जिसे हर उम्र के लोग अपनी दिनचर्या में शामिल कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य लोगों में फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देना है।
बेहतरीन प्रदर्शन करने वालों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। प्रतिभागियों ने फिटनेस को जीवन का हिस्सा बनाने और नियमित व्यायाम करने का संकल्प लिया।
आयोजन की सफलता में संस्था के पदाधिकारियों, सदस्यों, नेशनल खिलाड़ियों, चॉइस इंटरनेशनल और आयोजन समिति के सदस्यों का विशेष योगदान रहा। स्किपिंग सीजन-2 ने राजधानी में फिटनेस और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने का संदेश दिया।