नई दिल्ली । भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज का एक पुराना बयान सोशल मीडिया पर फिर चर्चा में है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ‘स्मैश द पैट्रिआर्की’ वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए बांसुरी स्वराज ने उन्हें वंदे मातरम् गाने का चैलेंज दिया था। अब इसी बयान पर अभिनेता ऋतिक रोशन के एक छोटे से कमेंट ने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींचा है।
ऋतिक रोशन ने वायरल वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा—“हैं? क्या सच में? कमाल.” उनके इस कमेंट को लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
राहुल गांधी के बयान पर बांसुरी ने क्या कहा था?
मामला अगस्त 2026 का है। पुणे में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में राहुल गांधी ने ‘Smash the Patriarchy’ यानी पितृसत्ता को खत्म करने की बात कही थी। उनके इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
इसके बाद बांसुरी स्वराज ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्हें एक चुनौती दी। उन्होंने कहा था कि अगर राहुल गांधी वास्तव में पितृसत्ता को खत्म करना चाहते हैं तो उन्हें पूरा वंदे मातरम् गाकर दिखाना चाहिए।
बांसुरी ने अपने बयान में यह भी कहा था कि वह क्रिसमस कैरोल गाने, पूरा वंदे मातरम् गाने और शिव तांडव का पाठ करने में सहज हैं।
सोशल मीडिया पर दोबारा वायरल हुआ वीडियो
बांसुरी स्वराज के इस बयान का वीडियो कांग्रेस की डिजिटल और सोशल मीडिया विंग की नेशनल कन्वीनर रुचिरा चतुर्वेदी ने पिछले महीने इंस्टाग्राम पर साझा किया था। हाल ही में यही वीडियो फिर से सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।
इसी पोस्ट पर ऋतिक रोशन ने कमेंट करते हुए लिखा, “हैं? क्या सच में? कमाल.” उनके इस कमेंट के बाद पोस्ट पर यूजर्स की प्रतिक्रियाएं भी आने लगीं।
ऋतिक के कमेंट पर क्या बोले यूजर्स?
ऋतिक रोशन के कमेंट को कुछ यूजर्स ने बांसुरी स्वराज के बयान पर उनकी हैरानी के तौर पर देखा। वहीं कुछ लोगों ने बांसुरी के बयान का बचाव भी किया।
सोशल मीडिया पर एक यूजर ने टिप्पणी करते हुए कहा कि संभव है कि यहां ‘पैट्रिआर्की’ और ‘पैट्रियॉटिज्म’ के बीच भ्रम हुआ हो। हालांकि, ऋतिक रोशन ने अपने कमेंट में बांसुरी के बयान की कोई विस्तृत व्याख्या या राजनीतिक टिप्पणी नहीं की है।
फिलहाल बांसुरी स्वराज के पुराने बयान और ऋतिक रोशन की संक्षिप्त प्रतिक्रिया सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने हुए हैं।