नई दिल्ली | Honda Motorcycle & Scooter India ने भारतीय बाजार में अपनी नई एडवेंचर और डुअल-स्पोर्ट मोटरसाइकिलें XR300L और XR300 Rally लॉन्च कर दी हैं। दोनों बाइक्स को खास तौर पर ऑन-रोड के साथ ऑफ-रोड राइडिंग को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
कीमत और बुकिंग
Honda XR300L की कीमत ₹1.83 लाख और XR300 Rally की कीमत ₹2.08 लाख रखी गई है। दोनों कीमतें बेंगलुरु एक्स-शोरूम के अनुसार हैं। कंपनी ने दोनों मॉडलों की बुकिंग ₹5,000 की टोकन राशि के साथ शुरू कर दी है। इनकी बिक्री Honda के प्रीमियम BigWing डीलरशिप के जरिए होगी।
293.5cc इंजन से लैस
दोनों मोटरसाइकिलों में 293.5cc सिंगल-सिलेंडर, एयर और ऑयल-कूल्ड इंजन दिया गया है, जो Honda CB300F के इंजन से संबंधित है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में यह इंजन करीब 24.3 bhp और 26.5 Nm का आउटपुट देता है, हालांकि भारत-स्पेक मॉडल के पूरे आधिकारिक आंकड़े अभी सामने नहीं आए हैं।
दोनों बाइक्स में आगे टेलीस्कोपिक फोर्क और पीछे मोनोशॉक के साथ 21-इंच फ्रंट और 18-इंच रियर वायर-स्पोक व्हील मिलते हैं, जिससे इन्हें खराब और ऑफ-रोड रास्तों के लिए तैयार किया गया है।
XR300 Rally में ज्यादा फीचर्स
XR300 Rally, XR300L के मुकाबले ₹25,000 महंगी है। इसके बदले इसमें बड़ा फ्यूल टैंक, ऊंची विंडस्क्रीन, नकल गार्ड, रैली-स्टाइल बॉडीवर्क और 5-इंच TFT डिस्प्ले जैसे अतिरिक्त फीचर्स मिलते हैं। यह मॉडल खास तौर पर लंबी दूरी और मिश्रित इलाकों में राइडिंग के लिए तैयार किया गया है।
किससे होगा मुकाबला?
Honda की नई XR300L का मुकाबला भारतीय बाजार में Hero Xpulse 210 और Kawasaki KLX230 जैसी डुअल-स्पोर्ट मोटरसाइकिलों से होने की उम्मीद है। XR300L की कीमत KLX230 से कम और Xpulse 210 से कुछ अधिक रखी गई है, जिससे यह सेगमेंट में एक दिलचस्प विकल्प बन सकती है।
Honda ने दोनों मोटरसाइकिलों को भारत में ही तैयार किया है। कंपनी की यह एंट्री देश के तेजी से बढ़ते हल्के एडवेंचर और ऑफ-रोड मोटरसाइकिल सेगमेंट में उसकी मौजूदगी को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम है।