उदयपुर।वेदांता समूह की कंपनी हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड राजस्थान में 80 हजार करोड़ रुपये का बड़ा निवेश करने जा रही है। कंपनी के निदेशक मंडल ने इस निवेश को मंजूरी दे दी है। इस विस्तार योजना के तहत अगले 3 से 5 वर्षों में जिंक उत्पादन क्षमता बढ़ाकर 20 लाख टन और चांदी उत्पादन क्षमता 1,500 टन प्रतिवर्ष करने का लक्ष्य रखा गया है। इस परियोजना से राजस्थान को हर साल करीब 12 हजार करोड़ रुपये का अतिरिक्त राजस्व मिलने और 2 लाख से अधिक रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है।
कंपनी के इस निवेश से राजस्थान का खनन एवं धातु उद्योग नई ऊंचाइयों तक पहुंचने की उम्मीद है। विस्तार योजना में नए जिंक एवं लेड स्मेल्टर, चांदी रिफाइनरी और मौजूदा खदानों तथा मिलों की क्षमता बढ़ाना शामिल है। इसके साथ ही 500 से अधिक सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों (एमएसएमई) को भी विकास के नए अवसर मिलेंगे।
हिंदुस्तान जिंक भारत में जिंक, लेड और चांदी की सबसे बड़ी एकीकृत उत्पादक कंपनी है। प्रस्तावित विस्तार पूरा होने के बाद कंपनी दुनिया की सबसे बड़ी जिंक और चांदी उत्पादक कंपनियों में शामिल हो जाएगी। कंपनी के अनुसार, बढ़ती वैश्विक मांग को देखते हुए यह निवेश देश की औद्योगिक क्षमता और आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कंपनी के सीईओ अमरेंदु प्रकाश ने कहा कि हिंदुस्तान जिंक 2.0 कंपनी की विकास यात्रा का महत्वपूर्ण अध्याय है। राजस्थान में निवेश के साथ खदानों, मिलों और स्मेल्टर की क्षमता बढ़ाकर देश की औद्योगिक प्रगति में योगदान दिया जाएगा। इससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और स्थानीय व्यवसायों को भी बढ़ावा मिलेगा।
वहीं, कंपनी भीलवाड़ा जिले में जिंक इंडस्ट्रियल पार्क भी विकसित कर रही है। इस पार्क में जिंक आधारित उद्योगों को प्रोत्साहन मिलेगा। इससे बड़े उद्योगों के साथ एमएसएमई और नए उद्यमियों को भी कारोबार के अवसर उपलब्ध होंगे।
कंपनी ने पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास को भी अपनी विस्तार योजना का हिस्सा बनाया है। वर्तमान में उसकी करीब 27 प्रतिशत ऊर्जा जरूरतें नवीकरणीय स्रोतों से पूरी हो रही हैं, जिसे वित्त वर्ष 2028 तक बढ़ाकर 70 प्रतिशत करने का लक्ष्य है। कंपनी जल संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में भी लगातार काम कर रही है।
उल्लेखनीय है कि वेदांता समूह राजस्थान में अब तक करीब 1.5 लाख करोड़ रुपये का निवेश कर चुका है। अब 80 हजार करोड़ रुपये के नए निवेश से प्रदेश में खनन, धातु उत्पादन, उद्योग और रोजगार के क्षेत्र में बड़े बदलाव की उम्मीद जताई जा रही है।