हिंदुस्तान जिंक का शानदार प्रदर्शन, दूसरी तिमाही में शुद्ध लाभ 142% बढ़ा

उदयपुर। हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में शानदार प्रदर्शन करते हुए रिकॉर्ड राजस्व, EBITDA और शुद्ध लाभ दर्ज किया है। कंपनी का तिमाही परिचालन राजस्व सालाना आधार पर 77 प्रतिशत बढ़कर 15,093 करोड़ पहुंच गया, जबकि EBITDA 108 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 9,285 करोड़ रहा। कंपनी के शुद्ध लाभ में 142 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

कंपनी के इस शानदार प्रदर्शन में रिकॉर्ड खनित एवं परिष्कृत धातु उत्पादन और जिंक की उत्पादन लागत में कमी की अहम भूमिका रही। दूसरी तिमाही में कंपनी ने 271 किलो टन खनित धातु और 264 किलो टन परिष्कृत धातु का उत्पादन किया। वहीं, रॉयल्टी को छोड़कर जिंक की उत्पादन लागत घटकर 703 अमेरिकी डॉलर प्रति टन रह गई। इस दौरान चांदी का उत्पादन सालाना आधार पर 20 प्रतिशत बढ़कर 173 टन पहुंच गया, जिससे कंपनी की लाभप्रदता को मजबूती मिली।

छमाही में भी रिकॉर्ड प्रदर्शन

30 सितंबर 2026 को समाप्त छमाही के दौरान कंपनी ने 17,359 करोड़ का रिकॉर्ड EBITDA दर्ज किया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 108 प्रतिशत अधिक है। कंपनी ने 60 प्रतिशत का EBITDA मार्जिन हासिल किया। वहीं, विकास पूंजीगत व्यय से पहले तिमाही का फ्री कैश फ्लो 6,389 करोड़ रहा। इन उपलब्धियों से वैश्विक स्तर पर कम लागत वाले जिंक उत्पादक के रूप में कंपनी की स्थिति और मजबूत हुई है।

महत्वपूर्ण खनिजों और नवीकरणीय ऊर्जा पर जोर

कंपनी ने अपने कारोबार के विविधीकरण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाया है। तिमाही के दौरान उसे कर्नाटक में गुंडलुपेट रेयर अर्थ एलिमेंट एवं यिट्रियम ब्लॉक के लिए आशय पत्र प्राप्त हुआ। इससे महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्र में कंपनी की उपस्थिति बढ़ाने की संभावनाएं मजबूत हुई हैं।

इसके अलावा, कंपनी की कुल बिजली खपत में नवीकरणीय ऊर्जा की हिस्सेदारी बढ़कर 27 प्रतिशत हो गई है। कंपनी का जिंक एलॉय संयंत्र अब अपनी 100 प्रतिशत बिजली की जरूरत नवीकरणीय ऊर्जा से पूरी कर रहा है।

अनुशासित विकास और नवाचार पर रहेगा फोकस

कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमरेंदु प्रकाश ने कहा कि दूसरी तिमाही में खनित और परिष्कृत धातु उत्पादन के रिकॉर्ड आंकड़े कंपनी के मजबूत परिचालन, परिसंपत्तियों और कर्मचारियों की क्षमता को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि कंपनी अनुशासित विकास, एआई आधारित नवाचार और महत्वपूर्ण खनिजों के पोर्टफोलियो के विस्तार पर ध्यान केंद्रित कर रही है। इसके साथ ही ऊर्जा परिवर्तन को समर्थन देने और हितधारकों के लिए दीर्घकालिक मूल्य सृजित करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *