नई दिल्ली। ऑटो सेक्टर की कंपनी हीरो मोटर्स शेयर बाजार में लिस्ट होने की तैयारी में है। कंपनी ने अपने 1,000 करोड़ रुपये के आईपीओ के लिए 79 से 84 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। कंपनी का IPO 16 सितंबर 2026 को खुलेगा और 18 सितंबर को बंद होगा। बड़े निवेशकों के लिए बोली लगाने का मौका 15 सितंबर को ही मिल जाएगा।
इस IPO के जरिए कंपनी कुल 1,000 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है। इसमें 600 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी किए जाएंगे, जबकि 400 करोड़ रुपये के शेयर ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए बेचे जाएंगे।
रिटेल निवेशकों के लिए 35% हिस्सा रिजर्व
हीरो मोटर्स ने IPO में एक लॉट में 178 शेयर निर्धारित किए हैं। ऊपरी प्राइस बैंड 84 रुपये के हिसाब से रिटेल निवेशकों को एक लॉट के लिए 14,952 रुपये का निवेश करना होगा। निवेशक इसके बाद 178 शेयरों के गुणक में बोली लगा सकेंगे।
IPO में रिटेल निवेशकों के लिए 35 प्रतिशत हिस्सा आरक्षित है। वहीं, संस्थागत निवेशकों को 50 प्रतिशत और शेष हिस्सा गैर-संस्थागत निवेशकों के लिए रखा गया है।
प्रमोटर्स की हिस्सेदारी घटेगी
84 रुपये के ऊपरी प्राइस बैंड के आधार पर कंपनी का अनुमानित बाजार पूंजीकरण करीब 3,815 करोड़ रुपये होगा। OFS के बाद कंपनी में प्रमोटरों की हिस्सेदारी 85.57 प्रतिशत से घटकर करीब 61.63 प्रतिशत रह जाएगी।
23 सितंबर को होगी शेयर बाजार में लिस्टिंग
IPO के लिए ICICI Securities, DAM Capital और JM Financial बुक रनिंग लीड मैनेजर हैं, जबकि KFin Technologies को रजिस्ट्रार नियुक्त किया गया है।
IPO में शेयरों का आवंटन 21 सितंबर को किया जाएगा। 22 सितंबर को सफल निवेशकों के डीमैट खातों में शेयर क्रेडिट होंगे। इसके अगले दिन यानी 23 सितंबर 2026 को हीरो मोटर्स के शेयर शेयर बाजार में लिस्ट होंगे।