रायपुर | मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि स्वस्थ छत्तीसगढ़ ही विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की मजबूत नींव है। वे आज अटल बिहारी वाजपेयी सभागृह, चिकित्सा महाविद्यालय रायपुर में 103 करोड़ रुपये से अधिक लागत के स्वास्थ्य अधोसंरचना विकास कार्यों के भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर छात्र-छात्राओं के लिए 200 सीटर आधुनिक छात्रावास, कैंसर भवन के विस्तार तथा चिकित्सकों एवं कर्मचारियों के आवासीय परिसर सहित विभिन्न निर्माण कार्यों की आधारशिला रखी।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और पिछले ढाई वर्षों में कई महत्वपूर्ण जनहितकारी वादों को पूरा किया गया है। उन्होंने कहा कि “मोदी की गारंटी” को धरातल पर उतारते हुए प्रदेश में विकास कार्यों को गति दी जा रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देने के लिए निरंतर अधोसंरचना का विस्तार किया जा रहा है, जिससे मरीजों, विद्यार्थियों और चिकित्सकों सभी को लाभ मिलेगा।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि लगभग 104 करोड़ रुपये की इन परियोजनाओं से चिकित्सा क्षेत्र में ऐतिहासिक परिवर्तन आएगा और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि राज्य में मेडिकल कॉलेजों, नर्सिंग कॉलेजों और अन्य चिकित्सा संस्थानों का तेजी से विस्तार किया जा रहा है तथा कई नई स्वास्थ्य परियोजनाएं प्रगति पर हैं।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने जानकारी दी कि छात्रावास निर्माण, कैंसर भवन विस्तार और छात्राओं के लिए आधुनिक आवासीय सुविधाओं के विकास से चिकित्सा शिक्षा क्षेत्र में बेहतर वातावरण तैयार होगा।
इस अवसर पर विधायक पुरंदर मिश्रा, छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष दीपक म्हस्के, स्वास्थ्य विभाग के सचिव अमित कटारिया, चिकित्सा शिक्षा आयुक्त रितेश अग्रवाल, पं. जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय के डीन विवेक चौधरी, अधीक्षक संतोष सोनकर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, चिकित्सक, मेडिकल विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।