रायपुर । छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री तथा मनेन्द्रगढ़ विधायक श्याम बिहारी जायसवाल ने गुरुवार को मनेन्द्रगढ़ कलेक्ट्रेट कार्यालय में जिले के नगरीय निकायों एवं विभिन्न निर्माण विभागों के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने स्वीकृत होने के बावजूद शुरू नहीं हुए निर्माण कार्यों पर चिंता जताते हुए अधिकारियों को शीघ्र कार्य प्रारंभ करने और प्रगतिरत परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में नगर पालिक निगम चिरमिरी, नगर पालिका परिषद मनेन्द्रगढ़ तथा झगराखण्ड, खोंगापानी, नई लेदरी एवं जनकपुर नगरीय निकायों में संचालित विकास कार्यों, स्वास्थ्य सेवाओं, अधोसंरचना निर्माण और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
मंत्री जायसवाल ने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं होगा। जनहित से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए।
अप्रारंभ कार्यों को लेकर जताई नाराजगी
समीक्षा के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ), नालंदा परिसर, विधायक निधि, नगरोत्थान योजना, सौंदर्यीकरण, गौरव पथ, सीसी रोड निर्माण, कम्पोजिट शेड तथा वेस्ट टू वैल्यू योजना के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों की जानकारी ली।
उन्होंने स्वीकृति मिलने के बाद भी शुरू नहीं हुए निर्माण कार्यों पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को स्पष्ट कार्ययोजना तैयार कर तत्काल काम शुरू कराने के निर्देश दिए। साथ ही प्रगतिरत कार्यों की नियमित निगरानी करने और निर्माण में आ रही बाधाओं का शीघ्र निराकरण करने को कहा।
गर्मी में पेयजल संकट हुआ तो तय होगी अधिकारियों की जिम्मेदारी
आगामी ग्रीष्मकाल को देखते हुए मंत्री ने नगरीय निकायों में पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था को लेकर विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में नागरिकों को पेयजल की समस्या का सामना नहीं करना पड़े, इसके लिए अभी से आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएं।
उन्होंने एसईसीएल चिरमिरी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग और सभी नगरीय निकायों को आपसी समन्वय से ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। मंत्री ने सख्त लहजे में कहा कि यदि गर्मी के दौरान पेयजल आपूर्ति में परेशानी आती है तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
नगरीय क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार पर जोर
बैठक में अमृत मिशन, पेयजल आपूर्ति, स्वच्छता, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, सड़क एवं नाली निर्माण, जल निकासी और नगरीय सौंदर्यीकरण जैसे विषयों की निकायवार समीक्षा की गई।
मंत्री जायसवाल ने कहा कि विकास कार्यों का वास्तविक उद्देश्य आम नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार लाना है। इसलिए सड़क, नाली, पेयजल और स्वच्छता जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए नगरीय निकाय प्राथमिकता से काम करें।
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की नियमित जांच के निर्देश
लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, जल संसाधन विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग तथा नगर एवं ग्राम निवेश विभाग के अंतर्गत संचालित परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई।
मंत्री ने सड़क, पुल-पुलिया, भवन और पेयजल संरचनाओं के निर्माण में निर्धारित तकनीकी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण स्थलों का नियमित निरीक्षण करने, तकनीकी परीक्षण कराने और कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने पर दिया जोर
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान जिले के अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, आवश्यक दवाओं, चिकित्सकीय व्यवस्थाओं तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की गतिविधियों की जानकारी ली गई।
इसके अलावा आयुष्मान भारत योजना और मातृ-शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मंत्री जायसवाल ने निर्देश दिए कि आम नागरिकों को उपचार और स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। सभी स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर मरीजों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन और प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा हुई।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचाया जाए। लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण किया जाए और विभागीय समन्वय के माध्यम से योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाई जाए।
संवेदनशीलता और जवाबदेही से काम करें अधिकारी : जायसवाल
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि शासन की प्राथमिकता आम नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना और विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है। सभी विभागीय अधिकारी जनहित से जुड़े कार्यों के प्रति संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ विकास कार्यों में तेजी लाने तथा नियमित समीक्षा और निगरानी के माध्यम से निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।