अंबिकापुर । एचपीवी संक्रमण और इससे होने वाले गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर से बचाव के उद्देश्य से दशमेश पब्लिक स्कूल, अंबिकापुर में एचपीवी टीकाकरण सत्र आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यालय की 15 पात्र छात्राओं का एचपीवी टीकाकरण किया गया।
टीकाकरण सत्र के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छात्राओं और विद्यालय प्रबंधन को एचपीवी संक्रमण, टीके की उपयोगिता, सुरक्षा एवं इसके लाभों की जानकारी दी। छात्राओं को बताया गया कि एचपीवी टीकाकरण भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के जोखिम को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दी जानकारी
स्वास्थ्य कर्मियों ने छात्राओं को एचपीवी संक्रमण से बचाव के उपायों के साथ समय पर टीकाकरण के महत्व के बारे में जागरूक किया। उन्होंने अभिभावकों से भी पात्र बालिकाओं के टीकाकरण को लेकर जागरूक रहने की अपील की।
टीकाकरण कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. साधना मिश्रा, स्टाफ नर्स संजिता एक्का, एएनएम शशि सिन्हा, आरएचओ सागर राय, अजित मिंज एवं ऑपरेटर अनुप का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
पात्र बालिकाओं के टीकाकरण की अपील
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने अभिभावकों और आमजन से निर्धारित आयु वर्ग की सभी पात्र बालिकाओं का समय पर एचपीवी टीकाकरण कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि समय पर टीकाकरण बालिकाओं को भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव में मदद कर सकता है।