कांकेर में 9 से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान, वंदे मातरम् थीम पर होंगे कार्यक्रम

कांकेर | भारत सरकार संस्कृति मंत्रालय और छत्तीसगढ़ शासन संस्कृति विभाग के निर्देशानुसार उत्तर बस्तर कांकेर जिले में ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम का आयोजन 9 से 17 अगस्त 2026 तक किया जाएगा। यह आयोजन वंदे मातरम् थीम के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में किया जा रहा है।

कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों को अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित करना और राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन के माध्यम से देशभक्ति एवं राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना है।

अभियान के तहत जिले में तिरंगा यात्रा, तिरंगा रैली, तिरंगा दौड़ एवं मैराथन, तिरंगा कॉन्सर्ट, तिरंगा कैनवास, तिरंगा प्रतिज्ञा, तिरंगा सेल्फी, तिरंगा सम्मान, तिरंगा मेला, हर घर तिरंगा अभियान, वंदे मातरम् पर आधारित विशेष प्रदर्शनी और विशाल तिरंगा रंगोली जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इसके साथ ही 7 से 15 अगस्त तक वंदे मातरम् थीम आधारित विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। जिला मुख्यालय, ब्लॉक मुख्यालय, ग्राम पंचायतों तथा स्कूल-कॉलेजों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, स्थानीय नागरिकों और प्रमुख हस्तियों की सहभागिता से ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन कराया जाएगा।

प्रशासन ने सभी विभागों और संस्थाओं को कार्यक्रमों में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आयोजित गतिविधियों के फोटोग्राफ और वीडियो harghartirangaacgstate@gmail.com पर अपलोड करने के निर्देश जारी किए गए हैं।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़कर राष्ट्रीय एकता, गौरव और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने में अपनी भागीदारी निभाएं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *