ग्वालियर: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में हाल ही में एक बड़ा हादसा हो गया है। जी दरअसल यहाँ पर ऐतिहासिक महाराज बाड़े पर हाइड्रोलिक फायर ब्रिगेड से नगर निगम की बिल्डिंग पर झंडा लगाते हुए भयानक हादसा हो गया है और इसमें नगर निगम के तीन कर्मचारियों की मौत हो गई है। मिली जानकारी के तहत यह सभी लोग नगर निगम के पुराने मुख्यालय पर स्वतंत्रता दिवस के लिए राष्ट्र धवज लगा रहे थे इसी बीच नए वाहन में गलत बटन दबाने से यह हादसा हो गया। इस मामले में मिली जानकारी के तहत मृतकों में नगर निगम का चौकीदार और दो फायरकर्मी शामिल हैं, जबकि फायर ब्रिगेड का चालक गंभीर रूप से घायल है।
बताया जा रहा है यह हादसा उस दौरान हुआ जब नगर निगम की हाइड्रोलिक फायर ब्रिगेड की ट्रॉली में बैठकर पोस्ट ऑफिस की बिल्डिंग पर कर्मचारी झंडा लगाने की कोशिश कर रहे थे। आप सभी को हम यह भी बता दें कि महाराज बाड़े पर बनी ऐतिहासिक इमारतों को हर साल स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सजाया जाता है। अब इस बारे में जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शोक प्रकट किया है। उन्होंने ट्विटर पर ट्वीट करते हुए लिखा, “ग्वालियर में महाराज बाड़ा स्थित पोस्ट ऑफिस पर मशीन अनलोड करते समय हुई दुर्घटना में 3 कर्मचारियों के निधन व 3 लोगों के घायल होने का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति, परिजनों को संबल देने व घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। ॐ शांति!”