किरंदुल। एनएमडीसी लिमिटेड के 69वें स्थापना दिवस के अवसर पर किरंदुल कॉम्प्लेक्स परियोजना के बैला क्लब में दीर्घ सेवा पुरस्कार समारोह एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लंबे समय से संस्थान को अपनी सेवाएं दे रहे अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। वहीं स्कूली बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में उत्साह और उमंग का माहौल बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि रवीन्द्र नारायण, अधिशासी निदेशक ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके पश्चात अतिथियों का गुलदस्ता भेंटकर स्वागत किया गया। सुधांशु वर्मा, महाप्रबंधक (मानव संसाधन) ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया।
23 मिलियन टन उत्पादन का लक्ष्य हासिल करने का आह्वान
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि रवीन्द्र नारायण ने एनएमडीसी के 69वें स्थापना दिवस और किरंदुल परियोजना को बेस्ट परियोजना का पुरस्कार मिलने पर सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिजनों को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि एनएमडीसी की गौरवशाली यात्रा कर्मचारियों की मेहनत, समर्पण, निष्ठा और प्रबंधन के कुशल मार्गदर्शन का परिणाम है। कंपनी ने अपनी स्थापना से लेकर अब तक निरंतर प्रगति की है और इसमें पुराने एवं नए सभी कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
उन्होंने कहा कि चालू वर्ष में 19 मिलियन टन उत्पादन के स्तर से आगे बढ़कर 23 मिलियन टन उत्पादन का नया कीर्तिमान स्थापित करना हमारा लक्ष्य है। उन्हें विश्वास है कि सभी अधिकारी और कर्मचारी सामूहिक प्रयासों से इस लक्ष्य को हासिल करेंगे।
मुख्य अतिथि ने बताया कि सीएमडी द्वारा 60 मिलियन टन उत्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसे हासिल करने के लिए प्रत्येक कर्मचारी को पूरी प्रतिबद्धता और कार्यक्षमता के साथ योगदान देना होगा। उन्होंने श्रमिकों से अपने प्रत्येक कार्य घंटे का बेहतर उपयोग करने का आह्वान किया।
बेस्ट परियोजना का पुरस्कार मिलना गौरव की बात
रवीन्द्र नारायण ने कहा कि किरंदुल परियोजना को फोर्थ एडिशन में बेस्ट परियोजना का पुरस्कार प्राप्त होना पूरे कॉम्प्लेक्स के लिए गर्व और गौरव का विषय है। यह सम्मान परियोजना के अधिकारियों, कर्मचारियों और श्रमिकों के सामूहिक प्रयासों को दर्शाता है।
उन्होंने परियोजना की विभिन्न वर्षों की उत्पादन उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन जारी रखने की अपेक्षा जताई।
20 से 35 वर्षों की सेवा देने वाले कर्मचारी सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों ने एनएमडीसी में 20, 25, 30 और 35 वर्षों की दीर्घ सेवा पूरी करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर कर्मचारियों के परिजनों की उपस्थिति ने समारोह को और भी विशेष बना दिया। सम्मान प्राप्त करने वाले कर्मचारियों के योगदान और संस्थान के प्रति उनकी निष्ठा की सराहना की गई।
स्कूली बच्चों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
पुरस्कार वितरण समारोह के बाद स्कूली बच्चों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। रंगारंग नृत्य और अन्य कार्यक्रमों ने उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया। सभी ने बच्चों की प्रतिभा और प्रस्तुतियों की सराहना की।
कई वरिष्ठ अधिकारी और यूनियन प्रतिनिधि रहे उपस्थित
समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में किशन आहुजा, मुख्य महाप्रबंधक (वर्क्स), धीरेन भूषण, महाप्रबंधक (खनन) एवं खान प्रबंधक, बी. साम्या, महाप्रबंधक (सामग्री), मधुसुदन, महाप्रबंधक (अनुबंध), एसएस नाग, महाप्रबंधक (संयंत्र), नोमेश्वर राव, अध्यक्ष एसकेएमएस, रवीश तिवारी, कार्यालय सचिव एमएमडब्ल्यू यूनियन तथा बी.एल. तारम, सचिव एनएमडीसी एससीएसटी समिति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन रोजमेरी सोरेन एवं सुश्री कुनामी हंसदा, उप प्रबंधक (मानव संसाधन) ने किया। वहीं एम. तिरूपति राव, उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन) ने आभार प्रदर्शन किया।
समारोह को सफल बनाने में मानव संसाधन विभाग के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
एनएमडीसी के 69वें स्थापना दिवस पर आयोजित यह समारोह संस्थान के प्रति कर्मचारियों की दीर्घकालीन निष्ठा, सामूहिक प्रयास और उपलब्धियों को सम्मानित करने के साथ भविष्य में नए उत्पादन कीर्तिमान स्थापित करने के संकल्प का भी प्रतीक बना।