लोकतंत्र सेनानियों का भव्य सम्मान, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया योगदान को नमन

तिल्दा नेवरा। आपातकाल की 51वीं स्मृति के अवसर पर रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में लोकतंत्र सेनानियों के सम्मान में भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने लोकतंत्र सेनानियों एवं उनके परिजनों को सम्मानित कर लोकतंत्र की रक्षा में उनके अमूल्य योगदान को नमन किया।

इस अवसर पर तिल्दा नेवरा के स्वर्गीय पंडित नरेंद्र मालूराम शर्मा एवं स्वर्गीय शत्रुघ्न वर्मा के परिजनों को भी सम्मानित किया गया। साथ ही बी. एन. बी. हाईस्कूल, नेवरा के छात्र-छात्राओं को आपातकाल विषय पर आयोजित राज्य स्तरीय निबंध प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत किया गया।

 

मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने संबोधन में कहा कि आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले सेनानियों का त्याग, साहस और बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा में उनका योगदान नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्रोत है।

कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा, लोकतंत्र सेनानी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष कैलाश सोनी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सच्चिदानंद उपासने, वरिष्ठ पदाधिकारी संतोष शर्मा, लोकतंत्र प्रहरी के प्रदेश अध्यक्ष विशाल राजहंस, प्रदेश महामंत्री पंडित नरेंद्र मालूराम शर्मा, रायपुर जिला ग्रामीण अध्यक्ष सौरभ जैन सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं लोकतंत्र सेनानी उपस्थित रहे।

राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा ने भी सेनानियों के संघर्ष की सराहना करते हुए लोकतंत्र के प्रति उनके समर्पण को नमन किया।

लोकतंत्र प्रहरी एवं लोकतंत्र सेनानी संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले सेनानियों के योगदान को स्मरण करना तथा युवा पीढ़ी को लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक करना है। कार्यक्रम में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में लोकतंत्र सेनानी, उनके परिजन, विद्यार्थी एवं नागरिक शामिल हुए।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *