गौरेला-पेंड्रा-मरवाही । गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिला 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता की मेजबानी करने जा रहा है। चार दिवसीय यह प्रतियोगिता आगामी 18 से 21 अगस्त तक आयोजित होगी, जिसमें प्रदेश के पांचों संभागों से 14 से 19 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 540 खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
प्रतियोगिता के सफल और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने कलेक्ट्रेट स्थित अरपा सभा कक्ष में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समय-सीमा में व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए।
प्रतियोगिता में जिम्नास्टिक (बालक एवं बालिका), क्रिकेट (बालक), ताईक्वांडो (बालक एवं बालिका) तथा कबड्डी (बालिका) की स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। इसमें प्रदेश के सभी पांचों संभागों से खिलाड़ियों के साथ प्रशिक्षक और अधिकारी भी शामिल होंगे।
बैठक में कलेक्टर ने खेल मैदानों की व्यवस्था, खिलाड़ियों के ठहरने की सुविधा, भोजन, परिवहन व्यवस्था, स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सा सुविधा, पेयजल, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन सहित उद्घाटन एवं समापन समारोह की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राज्यभर से आने वाले खिलाड़ियों और खेल दलों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि प्रतियोगिता का आयोजन गरिमामय और यादगार बन सके।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकेश रावटे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अविनाश मिश्रा, जिला शिक्षा अधिकारी श्री रजनीश तिवारी सहित खेल एवं युवा कल्याण, वन, स्वास्थ्य, आदिवासी विकास, लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, विद्युत, खाद्य, परिवहन एवं नगरीय प्रशासन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
जीपीएम में आयोजित होने वाली यह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता न केवल युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देगी, बल्कि जिले को खेल आयोजन के क्षेत्र में एक नई पहचान भी प्रदान करेगी।