राज्यपाल रमेन डेका ने सैनिक स्कूल के छात्रों को दिए सफलता के मंत्र, बोले- अनुशासन और मेहनत से तय होगी मंजिल

रायपुर |  छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने शुक्रवार को लोक भवन में सैनिक स्कूल अंबिकापुर के विद्यार्थियों से मुलाकात कर संवाद किया। इस दौरान उन्होंने छात्रों को सफलता के लिए अनुशासन, आत्मनियंत्रण और कड़ी मेहनत को जीवन का आधार बनाने की सलाह दी।

‘सफलता का आधार है अनुशासन’

राज्यपाल ने कहा कि विद्यार्थियों को सैनिक स्कूल जैसी उत्कृष्ट संस्था में पढ़ने का अवसर मिला है, जो उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि सैनिक स्कूल में पढ़ाई के साथ अनुशासन, समय की पाबंदी और शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर भी ध्यान दिया जाता है।

उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में सफलता हासिल करने के लिए अनुशासन बेहद जरूरी है। मौजूदा दौर में पढ़ाई, नौकरी और करियर को लेकर तनाव बढ़ रहा है। ऐसे में विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं को पहचानकर ऊर्जा और योग्यता को सही दिशा में लगाने की जरूरत है।

लक्ष्य तय कर मेहनत करने की सलाह

राज्यपाल रमेन डेका ने विद्यार्थियों से कहा कि कठोर परिश्रम का कोई विकल्प नहीं है। योग्यता के साथ लगातार मेहनत की जाए तो सफलता हासिल की जा सकती है। उन्होंने छात्रों को अपना लक्ष्य निर्धारित करने और उसे हासिल करने के लिए पूरी लगन से प्रयास करने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपने गुरुजनों और माता-पिता की सलाह को गंभीरता से सुनना चाहिए, लेकिन किसी भी निर्णय के समय अपने विवेक और तर्क का भी इस्तेमाल करना चाहिए। उन्होंने छात्रों को अपनी ‘थिंकिंग प्रोसेस’ को हमेशा सक्रिय रखने की सलाह दी।

विद्यार्थियों ने पूछे जीवन और करियर से जुड़े सवाल

संवाद के दौरान सैनिक स्कूल के विद्यार्थियों ने राज्यपाल से उनके जीवन, करियर और सार्वजनिक जीवन से जुड़े कई सवाल पूछे। राज्यपाल ने विद्यार्थियों के सवालों का सहजता से जवाब दिया और अपने संवैधानिक पद की जिम्मेदारियों के साथ-साथ सार्वजनिक जीवन की यात्रा के अनुभव भी साझा किए।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को लोक भवन का भ्रमण भी कराया गया। इस अवसर पर सैनिक स्कूल अंबिकापुर के शिक्षकगण भी मौजूद रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *