रायपुर । छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने लौह पुरुष एवं भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर राज्यपाल ने रायपुर स्थित लोकभवन में सरदार पटेल के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
राज्यपाल रमेन डेका ने देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने तथा अखंड भारत के निर्माण में सरदार वल्लभभाई पटेल के अतुलनीय योगदान को याद किया। उन्होंने सरदार पटेल को राष्ट्रीय एकीकरण का शिल्पकार बताते हुए उनके विचारों और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण को स्मरण किया।
सरदार वल्लभभाई पटेल को देश की स्वतंत्रता के बाद विभिन्न रियासतों के एकीकरण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के लिए लौह पुरुष के रूप में जाना जाता है। उनका योगदान भारतीय इतिहास में सदैव प्रेरणादायी रहेगा।
इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, विधिक सलाहकार श्रीमती सत्यभामा अजय दुबे तथा लोकभवन के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।