रायपुर | राज्यपाल श्री रमेन डेका ने रायपुर के 12 वर्षीय छात्र मास्टर दिव्यांश सुल्तानिया द्वारा लिखित पुस्तक ‘थॉट्स अबाउट गॉड’ का विमोचन किया। राज्यपाल ने दिव्यांश के रचनात्मक प्रयास की सराहना करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मास्टर दिव्यांश ने अपने दादा से मिली प्रेरणा से इस पुस्तक की रचना की है। पुस्तक में एक युवा छात्र के दृष्टिकोण से ईश्वर और आध्यात्मिकता से जुड़े विचारों, सवालों और उसकी समझ को सरल एवं सहज रूप में प्रस्तुत किया गया है। राज्यपाल ने कम उम्र में गंभीर और विचारपरक विषय पर पुस्तक लिखने के दिव्यांश के प्रयास को सराहनीय बताया।
इस अवसर पर राज्यपाल श्री डेका ने दिव्यांश की दूसरी पुस्तक ‘फ्रॉम पॉकेट मनी टू पोर्टफोलियो’ के कवर का भी लॉन्च किया। यह पुस्तक बच्चों और युवाओं में कम उम्र से ही बचत, निवेश और वित्तीय जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से लिखी जा रही है। पुस्तक में गुल्लक के माध्यम से बचत की आदत विकसित करने और बचाई गई राशि के उचित निवेश की जानकारी सरल एवं व्यावहारिक तरीके से प्रस्तुत की जाएगी।
राज्यपाल ने कहा कि बच्चों में पढ़ने, लिखने और नए विषयों पर विचार करने की आदत उनके व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने दिव्यांश को अपनी जिज्ञासा, रचनात्मकता और सीखने की ललक को निरंतर आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान दिव्यांश के पिता श्री सुधीर सुल्तानिया, माता श्रीमती सरिता सुल्तानिया सहित अन्य परिजन उपस्थित रहे।