रायपुर । राजधानी रायपुर स्थित श्री अग्रसेन धाम में आयोजित श्री अग्रसेन जयंती महोत्सव 2026 में राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। इस अवसर पर राज्यपाल ने महाराजा अग्रसेन के दानशीलता और परोपकार के संदेश को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया, वहीं मुख्यमंत्री ने विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में अग्रवाल समाज की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया। कार्यक्रम के दौरान घायल गौमाता के उपचार के लिए गौरक्षा वाहिनी एंबुलेंस का भी लोकार्पण किया गया।
महाराजा अग्रसेन के आदर्शों को अपनाने का आह्वान
राज्यपाल रमेन डेका ने प्रदेशवासियों को शारदीय नवरात्रि और श्री अग्रसेन जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महाराजा अग्रसेन ने समाज को दानशीलता, परोपकार, समानता और आपसी सहयोग का अमूल्य संदेश दिया। उन्होंने कहा कि अग्रवाल समाज व्यापार और उद्योग के साथ-साथ रोजगार सृजन तथा सामाजिक सेवा के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
राज्यपाल ने महाराजा अग्रसेन के ‘एक ईंट, एक रुपया’ के सिद्धांत का उल्लेख करते हुए इसे आपसी सहयोग और आत्मनिर्भरता का अनूठा उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए कार्य करना ही महाराजा अग्रसेन के विचारों का मूल संदेश है।
उन्होंने नई पीढ़ी से पारंपरिक मूल्यों, परिश्रम और सामाजिक जिम्मेदारी को अपनाने की अपील की। साथ ही कहा कि छत्तीसगढ़ में उद्योग और व्यवसाय की व्यापक संभावनाएं हैं, जिनका उपयोग कर रोजगार के नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं।
विकसित छत्तीसगढ़ में अग्रवाल समाज की अहम भूमिका : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में अग्रवाल समाज की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि यह समाज व्यापार और उद्योग के साथ स्वास्थ्य शिविर, गौसेवा, धर्मशाला निर्माण, सामूहिक विवाह और निःशुल्क शिक्षा जैसी गतिविधियों के माध्यम से समाजसेवा में योगदान देता रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप राज्य सरकार भी विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को लेकर काम कर रही है। उन्होंने राज्य के विजन डॉक्यूमेंट का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने की दिशा में प्रयासरत है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में खनिज, वनोपज, बिजली और जल संसाधनों की प्रचुर उपलब्धता है। इन संसाधनों के साथ उद्योग एवं व्यवसाय के विस्तार से राज्य के आर्थिक विकास को गति मिल सकती है।
घायल गौमाता के उपचार के लिए एंबुलेंस शुरू
श्री अग्रसेन जयंती महोत्सव के दौरान घायल गौमाता के उपचार के लिए गौरक्षा वाहिनी एंबुलेंस का लोकार्पण किया गया। यह एंबुलेंस अग्रसेवा गौशाला, रायपुर द्वारा संचालित की जाएगी।
आयोजकों के अनुसार, एंबुलेंस की सुविधा के लिए 8109002139 मोबाइल नंबर पर संपर्क किया जा सकता है। इस पहल को गौसेवा और पशु कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
प्रतिभावान बच्चों और युवाओं का सम्मान
कार्यक्रम में अग्रवाल समाज की डायरेक्ट्री और त्रैमासिक पत्रिका ‘अग्रपुष्प’ के प्रथम अंक का विमोचन भी किया गया। इस अवसर पर समाज के प्रतिभावान बच्चों को ‘अग्र प्रतिभा सम्मान’ तथा युवाओं को ‘अग्र गौरव सम्मान’ प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह में स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल, एडीआर ग्रुप के चेयरमैन सुशील अग्रवाल, अग्रवाल समाज रायपुर के अध्यक्ष विजय अग्रवाल, मनमोहन अग्रवाल, प्रेमचंद अग्रवाल सहित समाज के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में सामाजिक सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में सेवा, सहयोग, आत्मनिर्भरता और सामाजिक सहभागिता के माध्यम से समाज एवं प्रदेश के विकास में योगदान देने का संदेश दिया गया।