सरसीवा में ‘सुशासन तिहार’: मंत्री टंकराम वर्मा ने जनसमस्या निवारण शिविर में हितग्राहियों को सीधे लाभ वितरित किया

बिलासपुर | सरसीवा तहसील के ग्राम पंचायत झुमका में छत्तीसगढ़ सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को सीधे जनता तक पहुँचाने के उद्देश्य से ‘सुशासन तिहार’ के तहत जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा मौजूद रहे।

मंत्री वर्मा ने शिविर में विभिन्न विभागीय स्टालों का निरीक्षण किया और आवेदन निराकरण की स्थिति का जायजा लिया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने हितग्राहियों को ट्रैक्टर की चाबी, अनुदान राशि के चेक, प्रमाण पत्र और अन्य लाभ वितरित कर उन्हें सशक्त बनाने के प्रयास किए।

शिविर में कुल 2310 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 272 का तत्काल निराकरण किया गया। एक कृषक को ट्रैक्टर खरीदी पर 2.50 लाख रुपये का अनुदान दिया गया, वहीं कई किसानों को बोर खनन हेतु 43 हजार रुपये के चेक वितरित किए गए। इसके अलावा नन्हे बच्चों का अन्नप्राशन, गर्भवती महिलाओं को उपहार और आयुष्मान कार्ड भी लाभार्थियों को प्रदान किए गए।

ग्रामीणों को संबोधित करते हुए मंत्री वर्मा ने कहा कि राज्य सरकार ‘अंत्योदय’ के सिद्धांत पर कार्यरत है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री आवास योजना के हर पात्र लाभार्थी को उनका हक समय पर मिले और शिविर में प्राप्त एक-एक आवेदन का निराकरण निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाए।

शिविर में किसान पुस्तिका, बी-1, जाति प्रमाण पत्र, मछुआरों के लिए जाल, नए राशन कार्ड, दिव्यांग प्रमाण पत्र, पेंशन स्वीकृति और प्रधानमंत्री आवास के पूर्णता प्रमाण पत्र जैसे कई लाभ वितरित किए गए। साथ ही स्वास्थ्य एवं आयुर्वेद विभाग ने ग्रामीणों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण भी किया।

कार्यक्रम में बिलाईगढ़ विधायक कविता लहरे, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय पांडेय, ग्राम पंचायत झुमका के सरपंच धनंजय साहू, कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में आए ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए विभिन्न योजनाओं के लिए पंजीकरण कराया।


शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *