सुशासन तिहार : मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से किया सीधा संवाद, महिलाओं को दी बड़ी सौगात

*

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सुशासन तिहार के तहत जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ विकासखंड स्थित ग्राम कोसला का औचक निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री के गांव पहुंचते ही पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल बन गया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गांव के पीपल पेड़ की छांव तले आयोजित चौपाल में ग्रामीणों, महिलाओं और किसानों से सीधे संवाद किया। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना तथा योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं, किसानों, गरीबों और जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए लगातार काम कर रही है।

ग्रामीणों से चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने पटवारी की नियमित उपस्थिति और किसानों की समस्याओं के समाधान को लेकर जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम लोगों को छोटे-छोटे कामों के लिए परेशान न होना पड़े और शिकायतों का समय पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।

ग्राम की सावित्री कश्यप ने मुख्यमंत्री को बताया कि उन्हें महतारी वंदना योजना के तहत हर महीने नियमित सहायता राशि मिल रही है, जिससे परिवार की जरूरतें पूरी करने में मदद मिल रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना प्रदेश की महिलाओं के लिए आर्थिक संबल बन रही है।

वहीं “लखपति दीदी” नीमा तिवारी ने बताया कि बिहान योजना से मिली सहायता के बाद उन्होंने आटा चक्की व्यवसाय शुरू किया और आज पांच आटा चक्कियां संचालित कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने उनकी सराहना करते हुए अन्य महिलाओं को भी आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करने की बात कही।

मुख्यमंत्री ने प्रधान मंत्री आवस योजना के तहत गांव में हुए कार्यों की समीक्षा भी की। अधिकारियों ने बताया कि ग्राम कोसला में पिछले ढाई वर्षों में 474 परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिला है।

जन चौपाल के दौरान मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों की मांगों पर महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए ग्राम कोसला में “महतारी सदन” और हायर सेकेंडरी स्कूल भवन निर्माण की घोषणा की। इन घोषणाओं से ग्रामीणों, महिलाओं और विद्यार्थियों में खुशी का माहौल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी कर रही है, ताकि किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिल सके। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से अधिकारी और जनप्रतिनिधि गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहे हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *