जांजगीर-चांपा।विष्णुदेव साय आज सुशासन तिहार 2026 के तहत औचक निरीक्षण पर जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम कोसला पहुंचे। मुख्यमंत्री का हेलिकॉप्टर गांव में उतरते ही प्रशासनिक अमले में हलचल मच गई। वहीं सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने गांव पहुंचकर स्थानीय लोगों से बातचीत की और शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन तथा जनसमस्याओं की जानकारी ली। ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याएं और सुझाव सीधे मुख्यमंत्री के सामने रखे। अचानक हुए इस दौरे से प्रशासनिक अधिकारियों में भी सक्रियता बढ़ गई।
दरअसल, राज्य सरकार द्वारा आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से “सुशासन तिहार 2026” मनाया जा रहा है। यह अभियान 10 जून 2026 तक पूरे प्रदेश में चलाया जाएगा। इसके तहत ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बड़े स्तर पर जनसमस्या निवारण शिविर लगाए जा रहे हैं, जहां लोगों की शिकायतों और मांगों का मौके पर समाधान किया जा रहा है।
इसी अभियान की जमीनी हकीकत जानने और व्यवस्थाओं का जायजा लेने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय स्वयं औचक निरीक्षण पर निकले हैं। कोसला गांव में उनके पहुंचने से ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।