गोलगप्पे के कारण मार हो गई, दोनों आरोपियों पर कसा शिकंजा.

आगरा के बल्केश्वर (कमला नगर) में आईटीआई के सामने बुधवार की शाम गोलगप्पे के दौने ने बवाल करा दिया। रंगबाजों ने पहले कमला नगर के परिवार के साथ मारपीट की गई। सूचना पर पुलिस पहुंची तो आरोपित उनसे भी भिड़ गए। पुलिस से गुत्थम-गुत्था का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को दबोच लिया। दोनों सगे भाई हैं। नशे में थे। आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा लिखा गया है। घटना शाम करीब साढ़े छह बजे की है।

आईटीआई कॉलेज के सामने चाट वाला खड़ा होता है। कर्मयोगी एन्क्लेव, कमला नगर निवासी प्रदीप कुमार गर्ग अपने दो बेटों और पत्नी के साथ गोल गप्पे खाने गए थे। प्रदीप कुमार गर्ग का परिवार वहां चाट खा रहा था। एसओ कमला नगर सोविंदर कुमार ने बताया कि गर्ग परिवार ने दौना कूड़ेदान में डाला। बराबर में ही दो युवक खड़े थे। वे नशे में थे। यह कहकर हंगामा करने लगे कि दौना देखकर नहीं फेंक सकता।

इतना कहने के बाद मारपीट शुरू कर दी। प्रदीप कुमार के बेटों को जमीन पर गिरा लिया। यह देख भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पीआरवी पहुंची। पुलिस के सामने आरोपित मारपीट कर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों को रोकने का प्रयास किया। आरोपित युवक पुलिसकर्मियों से भिड़ गए। उनके साथ भी मारपीट शुरू कर दी। पुलिस ने बमुश्किल दोनों को काबू में किया। थाने लेकर आई।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में अपने नाम राहुल प्रताप और लाला उर्फ रोहित बताए। दोनों सगे भाई हैं। मूलत गांव उदैना, सादाबाद (हाथरस) के निवासी हैं। वर्तमान में खंदौली के गांव नंदलालपुर में रह रहे हैं। दोनों नशे में थे। पुलिसकर्मी उन्हें काबू में नहीं करते तो वे मारपीट बंद नहीं करते। पकड़े जाने पर भी दोनों को कोई अफसोस नहीं था। थाने में भी हंगामा कर रहे थे। पुलिस ने उन्हें आड़े हाथ लिया। एसओ कमला नगर ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा लिखा जा रहा है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *