गेल का 13 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा, प्रिटोरियस ने T20 में ठोके नाबाद 188 रन

स्पोर्ट्स । दक्षिण अफ्रीका के युवा बल्लेबाज लुआन-ड्रे प्रिटोरियस ने T20 क्रिकेट में इतिहास रच दिया है। CSA T20 चैलेंज में टाइटंस की ओर से खेलते हुए प्रिटोरियस ने महज 79 गेंदों पर नाबाद 188 रन की तूफानी पारी खेली और क्रिस गेल का 13 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया।

प्रिटोरियस की पारी में 13 छक्के और 15 चौके शामिल रहे। उनका स्ट्राइक रेट करीब 238 का रहा और उन्होंने अकेले चौके-छक्कों से 138 रन बनाए।

गेल का रिकॉर्ड पीछे छोड़ा

इससे पहले मेंस T20 क्रिकेट में एक पारी में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम था। गेल ने 2013 IPL में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की ओर से खेलते हुए पुणे वॉरियर्स के खिलाफ नाबाद 175 रन बनाए थे।

प्रिटोरियस ने अपना 176वां रन पूरा करते ही गेल के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। इसके बाद भी उन्होंने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी और 188 रन बनाकर नाबाद लौटे।

24 गेंद में फिफ्टी, 40 में शतक

20 साल के प्रिटोरियस ने अपनी पारी के दौरान तेजी से रन बनाए। उन्होंने सिर्फ 24 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया, जबकि 40 गेंदों में शतक जड़ दिया। इसके बाद 58 गेंदों में 150 रन का आंकड़ा पार कर उन्होंने T20 क्रिकेट की सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारियों में अपना नाम दर्ज करा लिया।

उनकी पारी की बदौलत टाइटंस ने 20 ओवर में 3 विकेट पर 267 रन बनाए। कप्तान डोनोवन फरेरा ने भी 11 गेंदों पर नाबाद 29 रन बनाकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में योगदान दिया।

नाइट्स की टीम 143 रन पर ढेर

268 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नाइट्स की शुरुआत तेज रही। जैक्स स्नायमैन और गिहान क्लोएट ने शुरुआती दो ओवर में 33 रन जोड़ दिए। हालांकि, तीसरे ओवर में स्नायमैन के आउट होने के बाद टीम की रफ्तार धीमी पड़ गई।

नाइट्स की पूरी टीम 17.2 ओवर में 143 रन पर ऑलआउट हो गई। इस तरह टाइटंस ने मुकाबला 124 रन से जीत लिया।

कौन हैं लुआन-ड्रे प्रिटोरियस?

27 मार्च 2006 को पोचेफस्ट्रूम में जन्मे प्रिटोरियस बाएं हाथ के विकेटकीपर-बल्लेबाज हैं। 2024 अंडर-19 विश्व कप में वह दक्षिण अफ्रीका के प्रमुख रन बनाने वाले बल्लेबाजों में शामिल थे।

2025 SA20 सीजन में पार्ल रॉयल्स के लिए उन्होंने 397 रन बनाए और टूर्नामेंट के शीर्ष स्कोररों में रहे। उन्होंने 2025 में टेस्ट क्रिकेट में भी डेब्यू किया और अपनी दूसरी ही टेस्ट पारी में 153 रन बनाए।

अब 188 रन की इस ऐतिहासिक पारी के साथ प्रिटोरियस ने T20 क्रिकेट में सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *