रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से उनके रायपुर स्थित निवास पर मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच राजनांदगांव में प्रस्तावित गैस आधारित फर्टिलाइजर प्लांट, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर 2.0 और प्रदेश के औद्योगिक एवं आर्थिक विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राजनांदगांव में गेल (इंडिया) लिमिटेड का प्रस्तावित गैस आधारित फर्टिलाइजर प्लांट क्षेत्र के औद्योगिक विकास के लिए महत्वपूर्ण परियोजना साबित होगा। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। साथ ही सहायक उद्योगों और व्यावसायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
आसपास के क्षेत्रों में बढ़ेंगी आर्थिक गतिविधियां
मुख्यमंत्री ने कहा कि फर्टिलाइजर प्लांट की स्थापना से राजनांदगांव के साथ आसपास के क्षेत्रों में भी आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी। इससे स्थानीय बाजार को मजबूती मिलने के साथ प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी नई ऊर्जा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ में उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने और निवेश को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है। नई संभावनाओं वाले उद्योगों के विस्तार के साथ आधुनिक तकनीक और उच्च मूल्य आधारित विनिर्माण को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर 2.0 पर भी चर्चा
बैठक में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर 2.0 को लेकर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह पहल छत्तीसगढ़ को इलेक्ट्रॉनिक्स और आधुनिक विनिर्माण के क्षेत्र में एक उभरते केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से छत्तीसगढ़ में बड़े औद्योगिक निवेश और परियोजनाओं के लिए नई संभावनाएं बनी हैं। सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश में आने वाला निवेश स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार, क्षेत्रीय विकास और आर्थिक समृद्धि का माध्यम बने।
उन्होंने कहा कि राजनांदगांव की प्रस्तावित फर्टिलाइजर परियोजना भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार के साथ रोजगार के नए अवसर सृजित होने की उम्मीद है।