विश्व हाथी दिवस पर ‘गज संकेत’ ऐप लॉन्च, हाथी मित्र दल को टी-शर्ट और टॉर्च वितरित

रायपुर । विश्व हाथी दिवस के अवसर पर गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के मरवाही वन परिक्षेत्र में हाथी संरक्षण, हाथी-मानव द्वंद्व की रोकथाम और जन-जागरूकता को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हाथियों के प्राकृतिक आवास की रक्षा, मानव-हाथी संघर्ष को कम करने और हाथियों के साथ सुरक्षित सह-अस्तित्व को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में हाथियों के कारण जनहानि से प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की गई। जिला प्रशासन और वन विभाग ने प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। साथ ही पात्र मामलों में शासन के प्रावधानों के अनुसार समय पर मुआवजा उपलब्ध कराने तथा प्रभावित परिवारों को रोजगार और आजीविका के साधनों से जोड़ने की बात कही गई।

हाथी और मानव दोनों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने कहा कि हाथियों और लोगों की सुरक्षा प्रशासन एवं वन विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। हाथी-मानव द्वंद्व को कम करने के लिए सकारात्मक विकल्प तलाशने और प्रशासन, वन विभाग, जनप्रतिनिधियों तथा ग्रामीणों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता है।

उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि हाथियों की मौजूदगी या गतिविधियों की जानकारी तत्काल वन विभाग को दें। साथ ही हाथियों के करीब न जाने और उन्हें किसी भी तरह परेशान नहीं करने की अपील की।

‘गज संकेत’ ऐप से मिलेगी हाथियों की गतिविधियों की जानकारी

वनमंडलाधिकारी श्री कुमार निशांत ने बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी और गश्त की जा रही है। कार्यक्रम के दौरान ‘गज संकेत’ ऐप का शुभारंभ किया गया। ऐप के माध्यम से हाथियों की मौजूदगी और उनकी गतिविधियों की जानकारी तत्काल साझा की जा सकेगी। इससे संबंधित क्षेत्रों में समय रहते लोगों को सतर्क करने और आवश्यक कार्रवाई करने में मदद मिलेगी।

हाथी मित्र दल को टी-शर्ट और टॉर्च वितरित

हाथी-मानव द्वंद्व की रोकथाम में सक्रिय भूमिका निभाने वाले हाथी मित्र दल के सदस्यों को टी-शर्ट और टॉर्च वितरित कर सम्मानित किया गया। हाथी मित्र दल द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी और ग्रामीणों को हाथियों की गतिविधियों के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जा रही है।

कार्यक्रम का उद्देश्य हाथियों और लोगों के बीच सुरक्षित सह-अस्तित्व को बढ़ावा देना, जनहानि की घटनाओं को कम करना तथा हाथी-मानव द्वंद्व से प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराना रहा।

इस अवसर पर कलेक्टर श्री विजय दयाराम के., वनमंडलाधिकारी श्री कुमार निशांत, वन सभापति श्रीमती राधा रैदास, जनप्रतिनिधि, वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और हाथी मित्र दल के सदस्य उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *